इंदौर में एनआरआइ के वृद्ध माता-पिता को मिली जान से मारने की धमकी, मकान विवाद है धमकाने की वजह

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पुलिस का दावा है कि यह मामला कोर्ट में भी चल रहा है, लेकिन धमकी देना गलत है

शहर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में एनआरआइ के माता-पिता दंपती को धमकी मिली है। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस भी दर्ज किया है। दोनों में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस को पीड़ित पक्ष ने आडियो रिकार्डिंग भी मुहैया करवाई है।

पुलिस का दावा है कि यह मामला कोर्ट में भी चल रहा है, लेकिन धमकी देना गलत है। पुलिस के मुताबिक, विजय दुबे की शिकायत पर आरोपित सुधीर लाड के विरुद्ध प्रकरण दर्ज हुआ है। 75 वर्षीय दुबे ने पुलिस को बताया कि घटना 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे की है। वह पत्नी के साथ टीवी देख रहे थे। अचानक सुधीर लाड का काल आया और धमकाने लगा। उसने कहा कि तुम पति-पत्नी को जान से खत्म कर दूंगा। जिसका मकान है वो खुद आकर मुझसे मिलें। तुझे और तेरी औरत को नहीं छोड़ूंगा। घर से बाहर निकल कर दिखाना। तेरे एसपी और डीआइजी को भी बता देना। दुबे आरोपित की धमकी से घबरा गए। उन्होंने तिलक नगर पुलिस को घटना बताई और थाना केस दर्ज करवाया। दुबे ने डर के कारण पुलिस से पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मकान को लेकर चल रहा है विवाद
ब्रजेश्वरी एनएक्स निवासी विजय दुबे ने पुलिस को बताया कि उनका आरोपित सुधार लाड से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। उनका बेटा अंकित अमेरिका में रहता है। विजय बैंक से रिटायर हुए है। एमराल्ड सिटी सांवेर रोड़ पर अंकित के नाम से मकान खरीदा था। उसकी पावर आफ अटार्नी मां नीलमणि दुबे के नाम पर है। उसकी देख-रेख विजय ही करते है। वर्ष 2017 में इस मकान को कविता अर्जुनसिंह को किराये पर दिया था। वह सुधीर के साथ रहती है। वह न किराया दे रही है न मकान खाली कर रही है। यह मामला एसडीएम कोर्ट में भी चला गया है। सुधीर ने इसी कारण धमकाया है।

- Advertisement -
Exit mobile version