भंवरकुआं थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित होटल प्राइम का मामला, बदबू आने पर कमरे का दरवाजा खोला तो आत्महत्या का पता चला।
भंवरकुआं थाना क्षेत्र के एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने का मामला सामने आया है। यहां युवक फांसी पर लटका मिला तो युवती बिस्तर पर पड़ी हुई थी। दोनों ने एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था, जिससे दोनों के घरवाले खुश नहीं थे।
पुलिस के मुताबिक, रिंग रोड़ स्थित राजीव गांधी प्रतिमा के पास होटल प्राइम के कमरा नंबर 306 में युवक-युवती के दो-तीन दिन पुराने शव मिले हैं। युवक का नाम राहुल वर्मा और युवती नंदिनी सोलंकी है। दोनों राजेंद्र नगर क्षेत्र स्थित अमर पैलेस कालोनी के रहने वाले थे। दोनों शनिवार को होटल में आए थे। इसी दिन उन्होंने आत्महत्या की होगी।
कमरे से बदबू आने पर पुलिस को दी सूचना
सोमवार को वे चेकआउट करने वाले थे, लेकिन नीचे नहीं आए तो कर्मचारी कमरे का दरवाजा खटखटाने पहुंचा। इस दौरान वहां बदबू आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दूसरी चाबी से दरवाजा खोलकर अंदर गए। वहां दोनों के शव पड़े हुए थे। सूचना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में यह सामने आया है कि पहले युवती की मौत हुई और उसके बाद युवक की। युवती के स्वजन का ने हत्या का आरोप लगाया है।
कुछ समय तक ससुराल में भी रही थी युवती
बता दें कि दोनों ने एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था, जिससे परिवार खुश नहीं था। युवती पहले तो ससुराल में रहने लगी, लेकिन बाद में अपने पिता के घर चली गई थी। युवक सिलाई करता था और युवती कॉल सेंटर पर काम करती थी।
