इंदौर के राजवाड़ा की सड़क पर कब्जे से स्वतंत्रता का अभियान

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

विरोध, राजवाड़ा पर अवैध कब्जों के साथ सराफा चौपाटी से व्यापारी परेशान, हटाने की मांग।

सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने खाने-पीने की दुकानों से हो रही परेशानी बताई तो सराफा चाट-चौपाटी को शिफ्ट करने का सुझाव भी दे दिया।
13 व्यापारी संगठनों ने अपने-अपने बाजारों की सामने रखी समस्या।17 अगस्त से विरोध आंदोलन शुरू करने की घोषणा।रिमूवल गैंग द्वारा अवैध वसूली की शिकायत निगमायुक्त से की।

जब जी-20 और इंन्वेस्टर्स समिट जैसे आयोजन होते हैं तो राजवाड़ा और आसपास कब्जे हट जाते हैं। आम दिनों में नगर निगम का अमला कब्जा करने वालों के सामने पंगु नजर आता है। राजवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने सोमवार को निगमायुक्त हर्षिका सिंह से यह बात कहते हुए रिमूवल गैंग द्वारा अवैध वसूली की शिकायत भी की। 13 व्यापारी संगठनों ने अपने-अपने बाजारों की समस्या सामने रखी। सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने खाने-पीने की दुकानों से हो रही परेशानी बताई तो सराफा चाट-चौपाटी को शिफ्ट करने का सुझाव भी दे दिया।

मध्यक्षेत्र के व्यापारी स्मार्ट सिटी क्षेत्र में भी सड़क और फुटपाथ पर हो रहे कब्जे को लेकर आंदोलनरत हैं। निगम के रिमूवल अमले से लेकर नेताओं द्वारा फुटपाथ पर कब्जा कर वसूली करने के आरोप व्यापारी लगा चुके हैं। 17 अगस्त से व्यापारियों ने विरोध आंदोलन शुरू करने की घोषणा कर दी है। सोमवार को व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों को निगमायुक्त ने चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। व्यापारियों से चर्चा के बाद आयुक्त ने कहा कि 15 अगस्त के बाद सभी व्यापारिक बाजारों में वे अधिकारियों के साथ दौरा करेंगी और समस्याओं के निराकरण पर कार्ययोजना बनेगी।

- Advertisement -

उठाए सीधे सवाल
व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी अक्षय जैन, कैलाश मुंगड़, अनिल रांका ने कहा कि सबसे ज्यादा राजस्व व्यापारी देते हैं, लेकिन हमें ही समस्याओं से परेशान होना पड़ रहा है। एसोसिएशनों की ओर से दिए मांग पत्र में लिखा कि हेरिटेज बाजार राजवाड़ा, बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा जबरेश्वर महादेव मंदिर रोड, निहालपुरा, सराफा, पिपली बाजार, यशोदा माता मंदिर क्षेत्र, शकर बाजार, सीतलामाता बाजार चौक से गोराकुंड चौराहे तक और क्लाथ मार्केट तक भी अतिक्रमण के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते।

व्यापारियों को मिलती हैं धमकियां
गोपाल मंदिर हेरिटेज काम्प्लेक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मुकेश पटवा ने कहा कि शिकायत करने वालों के नाम निगम की गैंग वाले ही बता देते हैं, जिससे व्यापारियों को धमकियां मिलने लगती हैं।

खाने-पीने के कारोबार से परेशानी
सराफा एसोसिएशन के सचिव अविनाश शास्त्री ने निगमायुक्त से कहा कि इमामबाड़ा, सराफा चौराहा, सराफा के भीतर और बोहरा बाजार चौराहा, सीतलामाता बाजार जहां प्रतिदिन 20 हजार से ज्यादा महिलाओं की आवाजाही होती है, लेकिन सुलभ शौचालय नहीं है। खाने-पीने वाले दिन में दुकानें लगा रहे हैं। सड़क के बाहर कब्जे कर लेते हैं। साथ ही रात्रिकालीन चौपाटी वाले गंदगी नालियों में फेंक जाते हैं।

सराफा के जौहरियों को इससे परेशानी होती है। सराफा चाट-चौपाटी को भी अन्यत्र शिफ्ट करने पर विचार होना चाहिए। क्लाथ मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष हंसराज जैन व मंत्री कैलाश मुंगड़ ने कहा कि स्मार्ट सिटी सड़क चौड़ीकरण में कपड़ा मार्केट का मुख्य द्वारा पुनः निर्माण करने की आवश्यकता। व्यापारियों ने सराफा में बनाई नगर निगम की नई सड़क में जलजमाव की समस्या भी बताई।

Exit mobile version