इंदौर के द्वाराकापुरी थाने पर एक युवक द्वारा अपनी मूक बधिर भाभी से रेप करने का मामला सामने दर्ज किया गया है। महिला का ससुराल आष्टा में है। यहां आरोपी ने अकेला पाकर दो बार भाभी की अस्मत लूटी। इंदौर स्थित मायके आने पर पीड़िता ने यह बात अपने माता-पिता को इशारों में बताई। इसके बाद परिवार पीड़िता को लेकर थाने पहुंचा। यहां एक्सपर्ट को बुलाकर उसके बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर डायरी आष्टा भेजी है।
द्वारकापुरी TI अलका मेनिया के मुताबिक इलाके में रहने वाली एक मूक बधिर महिला की शादी एक साल पहले आष्टा में हुई थी। महिला का पति भी मूक बधिर है। पति का डेयरी का व्यवसाय है। ससुराल पक्ष के लोगों ने शादी के बाद से ही महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उस पर मायके से एक लाख रुपए लाने का दबाव बनाया जाता था। इस दौरान पीड़िता के साथ मारपीट भी की गई। शादी के कुछ समय बाद देवर ने अपनी ही भाभी को हवस का शिकार बनाया और अलग-अलग समय पर उसके साथ दो बार रेप किया।
ननद पर भी गर्भपात का आरोप
मूक बधिर महिला ने बताया कि उसकी ननद ने भी उसे गलत दवाइयां दी। जिसके कारण उसका गर्भपात भी हो गया था। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। इंदौर में शून्य पर प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल आष्टा होने के चलते पीड़िता को केस डायरी के साथ वहां भेजा गया है।
