इंदौर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में ट्रेनी पायलट से छेड़छाड़, स्टाफ ने नहीं की मदद, केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • अमेरिका में ट्रेनिंग ले रही है महिला। गुरुवार रात पति के साथ उदयपुर से इंदौर आ रही थी।

इंदौर। ट्रेनी पायलट महिला इंडिगो की फ्लाइट में छेड़छाड़ की शिकार हो गई। महिला गुरुवार रात उदयपुर से इंदौर आ रही थी। आरोपित पायलट के पीछे बैठा था। फ्लाइट स्टाफ, क्रू मेंबर और सीआइएसएफ ने भी महिला की मदद नहीं की। रात में एरोड्रम थाने पहुंचकर एफआइआर दर्ज करवाना पड़ी।

डीसीपी जोन-1 आदित्य मिश्रा के मुताबिक, मनोरमागंज निवासी 34 वर्षीय महिला ने एफआइआर दर्ज करवाई है। एनआरआइ महिला अमेरिका में ट्रेनिंग कर रही है। गुरुवार रात वह इंडिगो की फ्लाइट (6-ई 7438) से पति के साथ उदयपुर से इंदौर आ रही थी। पास में बैठे व्यक्ति ने उसके साथ अश्लील हरकत की।

किसी ने मदद नहीं की तो थाने पहुंची महिला
पति और महिला के नाराजगी जताने पर एयर होस्टेज आई और सीट बदल दी। स्टाफ ने कहा कि गलती से हाथ लगा होगा। पीड़िता ने हंगामा किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फ्लाइट से उतरने के बाद सीआइएसएफ स्टाफ ने भी शिकायत को अनसुना कर दिया। रात में पति-पत्नी थाने पहुंचे और केस दर्ज करवाया। टीआइ राजेश साहू के मुताबिक, यात्री की जानकारी मांगी है। फ्लाइट में मौजूद स्टाफ से भी पूछताछ होगी।

Exit mobile version