इंदौर के पास खुड़ैल इलाके में बाइक सवार मामा भांजे को चार पहिया वाहन ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रात में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेजा। दोनों इंदौर से काम कर अपने घर जा रहे थे। तभी इंडेक्स कॉलेज के पास हादसे का शिकार हो गए।
खुड़ैल पुलिस के मुताबिक इंडेक्स कॉलेज के पास शनिवार शाम को बाइक पर जा रहे मामा कमल कामले (27) निवासी उदय नगर और उसके भांजे संजय मोर्य (22) निवासी देव झिरी धाराजी, देवास को बाइक से जाते समय बड़े वाहन ने चपेट में ले लिया। यहां दोनों को रौंदते हुए वाहन काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आदिवासी हैं। काम को लेकर शनिवार को इंदौर आए थे। जिसके बाद रात में वह अपने घर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के शवों को जिला अस्पताल भेजा गया है। इधर मामले में टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
इसी इलाके में एक अन्य हादसे में छगनलाल पुत्र बलराम की भी मौत हो गई। वह डबल चौकी इलाके का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक खुडै़ल इलाके में उसे अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में लिया था।
