आरटीओ की हड़ताल का असर, फिटनेस नहीं होने से थमे हजारों वाहनों के पहिये

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • गणेशोत्सव में बिकने वाले हजारों वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड मिलने में होगी देरी, दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रही प्रदेश के परिवहन अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल।
  • आरटीओ की हड़ताल का असर गणेशोत्सव में बिकने वाले वाहनों पर भी दिखाई दे रहा है।
  • इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड समय पर जारी नहीं हो सकेंगे। इससे फाइनेंस सहित अन्य कार्य में देरी होगी।
  • वेतन विसंगति और केडर रिव्यू जैसी मांगों को लेकर प्रदेशभर के आरटीओ में की जा रही है हड़ताल।

प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में दूसरे दिन मंगलवार को भी परिवहन अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। हड़ताल के कारण हजारों वाहनों के पहिये फिटनेस और परमिट नहीं होने से थम गए। इससे कमर्शियल वाहन संचालक परेशान होते रहे। आरटीओ की हड़ताल का असर गणेशोत्सव में बिकने वाले वाहनों पर भी दिखाई दे रहा है। इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड समय पर जारी नहीं हो सकेंगे। इससे फाइनेंस सहित अन्य कार्य में देरी होगी।
मध्य प्रदेश परिवहन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन के आह्वान पर प्रदेश के सभी आरटीओ कार्यालय में पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले गए। वेतन विसंगति और केडर रिव्यू जैसी मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इस कारण नायता मुंडला परिवहन कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी नहीं पहुंचे। कार्यालय में होने वाले सभी कार्य नहीं हो सके। लाइसेंस के लिए आने वाले आवेदक परेशान होकर वापस लौट गए। रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, लाइसेंस जैसे जरूरी काम भी नहीं हो सके। इससे आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक हुए परेशान
आरटीओ में सैकड़ों आवेदक लाइसेंस के लिए प्रतिदिन आवेदन करते हैं। लर्निंग लाइसेंस बनने के बाद चालक को ट्रायल देना होता है, लेकिन हड़ताल के कारण ट्रायल और आवेदकों के फोटो व डिजिटल हस्ताक्षर जैसे काम नहीं हो सके। पहले से समय लेने वाले आवेदक आरटीओ पहुंचे तो पता चला कि हड़ताल के कारण ट्रायल नहीं हो सकेंगे। आवेदकों को वापस लौटना पड़ा।
जारी रहेगी हड़ताल
प्रदेश के सभी परिवहन अधिकारी और कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर हैं। विगत माह हमारी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया था। इन मांगों पर अब तक विचार नहीं किया गया। इस कारण सभी ने सर्वसम्मति से हड़ताल की घोषणा की है, जो आगे भी जारी रहेगी। – जितेंद्र सिंह रघुवंशी, अध्यक्ष मध्य प्रदेश परिवहन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन
कई काम हो रहे प्रभावित
परिवहन कार्यालय में हड़ताल से वाहनों के फिटनेस नहीं हो पा रहे हैं। इससे वाहन चालक परेशान हैं। कई वाहनों को खड़ा करना पड़ सकता है। हड़ताल से कई काम प्रभावित हो रहे हैं।

Exit mobile version