चुनाव आयोग के निर्देश पर परिवहन विभाग की चेकिंग टीम शहर के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान चला रही है। अभियान में विभाग की टीम ने दो महीने में 830 वाहनों पर (आचार संहिता के दौरान 600 से ज्यादा वाहनों पर) कार्रवाई की है। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई आचार संहिता के दौरान उन वाहनों पर हुई, जिन्होंने अनधिकृत रूप से एमपी गवर्नमेंट या फिर राजनीतिक पदनाम, राजनीतिक दल के प्रतिनिधि या फिर राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने पर उससे जुड़ी नेम प्लेट लगा रखी थी। अनधिकृत रूप से लगे 95 वाहनों पर हूटर-सायरन तत्काल मौके पर ही हटाए गए। साथ ही चालानी कार्रवाई भी की गई।
परिवहन विभाग ने चेकिंग के लिए खासतौर पर 4 टीमें बनाई हैं, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चेकिंग कर रही हैं। आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया चुनाव आयोग के निर्देश पर विभाग ने यह कार्रवाई की। अनधिकृत पदनाम, नामपट्टी का उपयोग करने वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई की संख्या सबसे अधिक 252 है। विभाग ने डेढ़ महीने में 830 वाहनों पर कार्रवाई की है। इनसे 9 लाख 34 हजार 100 रुपए जुर्माना वसूला है। विभाग का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
