अवंतिका गैस एजेंसी में नौकरी के लिए पीएमओ से आया लेटर, जांच में निकला फर्जी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना का प्रकरण दर्ज किया। कंपनी ने शक होने पर छानबीन की तो लेटर फर्जी निकला।

क्राइम ब्रांच ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का फर्जी पत्र पकड़ा है। पत्र पीएमओ में पदस्थ डायरेक्टर संजय लोहिया के हस्ताक्षर से बनाया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना का प्रकरण दर्ज कर लिया।
डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के अनुसार, अवंतिका गैस लिमिडेट के राहुल प्रदीप पस्तोरे ने शिकायत दर्ज करवाई है। गैस कंपनी का एबी रोड स्थित एनआरके बिजनेस पार्क में कार्यालय है। 20 जुलाई को कोई लिफाफा देकर गया था। लिफाफे में एक पत्र था, जो कथित तौर पर पीएमओ कार्यालय से जारी हुआ था। उसमें दीपक अवस्थी नामक व्यक्ति को असिस्टेंट मैनेजर (प्रोजेक्ट) के पद पर नौकरी पर रखने की सिफारिश की गई थी।

क्राइम ब्रांच कर रही जांच
कंपनी ने अपने स्तर पर छानबीन की तो शक हुआ कि लेटर फर्जी है। मामले की क्राइम ब्रांच से शिकायत की और तत्काल अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई। एडीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार, दीपक से संपर्क किया जा रहा है। उसने पत्र बनवाया या किसी ने उसे फंसाने की साजिश की, यह भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version