- रुपये नहीं देने पर बच्ची को जान से मारने की थी साजिश। कर्ज चुकाने के लिए महिला ने किया था बच्ची का अपहरण।
इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में आठ वर्ष की बच्ची का अपहरण करने के मामले में आरोपित महिला ज्योति कुडरिया से पूछताछ चल रही है। महिला ने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंस और हाथ-पैर बांधकर उसे बाथरूम में रखा था। आरोपित महिला ने पूरी साजिश कर बच्ची का अपहरण किया था।
पूछताछ में महिला ने बताया कि रविवार को शाम करीब पांच बजे वह बच्ची के घर तरफ गई। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी उसे कहा कि फोटोकापी करवाकर आते हैं और उसे अपने साथ घर ले गई। इसके बाद बच्ची को बाथरूम में ले जाकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ व पैर बांध दिए। इसके बाद कहा कि तुम्हारे घरवालों से तुझे छोड़ने के पैसे मिल जाएंगे तो छोड़ दूंगी। जब तक पैसे नहीं मिल जाते तब तक चुपचाप रहना, अगर चिल्लाई तो जान से मार दूंगी। इसके बाद बच्ची काफी घबरा गई थी, वह डर के कारण चुपचाप बाथरूम में ही बैठी रही। महिला ने बताया कि सोच रखा था कि अपहरण कर चार लाख रुपये लेकर लोन चुका दूंगी और रुपये नहीं दिए तो बच्ची को जान से मार दूंगी। दरअसल, आरोपित महिला ने कर्ज चुकाने के लिए बच्ची का अपहरण किया था।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपित महिला के पास
पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग टीम गठित की। टीमों द्वारा घटना के संबंध में विभिन्न व्यक्तियों से पूछताछ, तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटैज आदि का विश्लेषण करना शुरू किया। 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई और करीब 25 कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी प्रकार तकनीकी टीम द्वारा बड़ी मात्रा में डाटा का विश्लेषण अध्ययन किया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपित महिला तक पहुंच पाई।
