भोपाल जैन मंदिर की सभी मूर्तियां चोरी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • जैन समाज में रोष, महिलाएं अन्नजल त्यागकर धरने पर बैठीं

भोपाल। राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर जब चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है तब एयरपोर्ट रोड स्थित वर्धमान नगर के दिगम्बर जैन मंदिर में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर में रखी सभी तीन मूर्तियों सहित मंदिर का चांदी का सामान आदि ले गये हैं। इस घटना से भोपाल जैन समाज में भारी रोष है।

दिगम्बर जैन समाज के पर्युषण पर्व चल रहे हैं। जैन मंदिरों में चहल पहल भी है। रविवार को धूम दशमी का पर्व होने के कारण रात 11 बजे तक लोग वर्धमान नगर स्थित जैन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे मंदिर बंद किया गया था।

सोमवार सुबह जब लोग मंदिर में पूजा अर्चना को पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे थे और मंदिर की वेदी पर विराजमान तीनों मूर्तियां गायब थीं। चूंकि पर्युषण पर्व के दौरान सभी जैनों का नियम रहता है कि पूजन अभिषेक के बाद ही जल ग्रहण करते हैं। मंदिर से भगवान की मूर्तियां चोरी होने से लोगों में रोष व्याप्त हो गया। महिलाएं अन्न-जल त्यागकर धरने पर बैठ गई हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष जैन काला और भोपाल दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी के अध्यक्ष मनोज जैन बांगा शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गये हैं।

Exit mobile version