भोपाल: धर्मांतरण के लिए हिंदू युवक (Bhopal Viral Video Case) को कुत्ता बनाने वाले आरोपियों पर मध्यप्रदेश सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। छह घंटे के अंदर ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को टीला जमालपुरा थाने में लाया गया था। उस वक्त वहां लोगों की काफी भीड़ थी। इसके बाद कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया है। वहीं, उनके घरों पर शिवराज सरकार का हथौड़ा चलने लगा है।
दरअसल, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों के खिलाफ शिवराज सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रशासन की तरफ से कहा गया था कि उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई होगी। गली संकीर्ण होने की वजह से वहां बुलडोजर नहीं पहुंच सकता था। निगम के दस्ता ने अतिक्रमण को चिह्नित किया। इसके बाद हथौड़ा से ही आरोपियों का घर तोड़ दिया गया है। मौके पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
