सीएम शिवराज नेताओं से बोले- एक हो जाओ, हमारे पास नरेन्द्र माेदी हैं कांग्रेस के पास क्या?

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हमारे पास नरेन्द्र मोदी हैं, देव दुर्लभ कार्यकर्ता हैं, कांग्रेस के पास क्या है ? एक हो जाओ, संकल्प लो हम एक रहेंगे। टिकट नहीं भी मिले तो भी हम मिलकर काम करेंगे। सबका साथ लो, पुरानों को सम्मान दो। पूरे आत्मविश्वास से कह रहा हूं 2023 में भाजपा अब तक के सबसे विशाल बहुमत से चुनाव जीतेगी।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कही। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चौहान ने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि अपना कार्यकर्ता भोले शंकर जैसा है। दिल दुखा तो फिर जाता है और प्यार बांटोगे तो खिल जाता है।

कार्यकर्ताओं से भी कहा कि कई बार मन खिन्न हो जाता है, शिकवा-शिकायत भी उचित स्थान पर करें। इतना छोटा दिल नहीं होना चाहिए। मंच से 12वीं में अव्वल आने वाली बेटी के बाद अब बेटों को भी ई-स्कूटी देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मेरे तरकश में अभी कई तीर बाकी हैं। इससे माना जा रहा है कि लाड़ली बहना के बाद अब भाइयों की भी चिंता करेगी और जल्द ही कोई योजना लाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी के साथ 2024 की इबारत लिखी जाएगी। इस बार छिंदवाड़ा सहित लोकसभा की सभी 29 सीटें जीतना है। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर कहा कि जेडीएस का वोट कांग्रेस को मिला, इसलिए वह जीती। हमारे मत प्रतिशत में कमी नहीं आई है। उन्हाेंने कहा कि हमें एक से नौ जून तक लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र बांटना है। अब मैं हर कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से अलग से मिलूंगा। साथ बैठेंगे और फोटो भी खिंचवाएंगे।

- Advertisement -
Exit mobile version