गुरुवार देर रात आई कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची में शुजालपुर विधानसभा के लिए कांग्रेस ने रामवीरसिंह सिकरवार को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। सिकरवार का सूची में नाम आते ही उनके समर्थकों ने देर रात जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। 2018 के चुनाव में भाजपा के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदरसिंह परमार ने सिकरवार को 5660 मतों के मामूली अंतर से हराया था। इस बार भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, परंतु सूत्रों की मानें तो अबकी बार भी भाजपा के इंदरसिंह परमार से कांग्रेस के सिकरवार का मुकाबला तय माना जा रहा है।
