हरदा जिले (Harda) में एक भाजपा नेता को वोट डालने के दौरान ईवीएम मशीन का फोटो क्लिक करना और उसको वायरल करना महंगा पड़ गया. विधानसभा चुनावों की वोटिंग के दौरान 17 नवंबर को भाजपा नेता व पूर्व पार्षद दिलावर खान ने EVM मशीन का फोटो क्लिक किया था, जिसे लेकर कांग्रेस ने लिखित शिकायत की थी. इस मामले में दिलावर खान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
रिटर्निंग अधिकारी आशीष खरे ने बताया कि इस मामले में मंगलवार को थाना कोतवाली हरदा में भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 ए के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. इस बारे में एडिशनल एसपी आरडी प्रजापति ने कहा कि तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस थाने में आरोपी दिलावर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
किसके बीच है मुकाबला?
हरदा कृषि मंत्री कमल पटेल का गढ़ कहा जाता है. इस बार हरदा विधानसभा सीट से बीजेपी ने कमल पटेल को मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस से राम किशोर डोंगे मैदान में हैं. 17 नवंबर को मतदान सम्पन्न हो चुका है, नतीजों के लिए 3 दिसंबर का इंतजार है.
