‘स्पेशल 26’ जैसी फर्जी लोकायुक्त टीम पकड़ाई:हाईकोर्ट लिखी कार से बैंक प्रबंधक के घर पहुंचे, और की पैसे ऐंठने की कोशिश की

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
https://timenews.today/img/2023/02/Sequence-02.mp4

2013 में एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म आई थी ‘स्पेशल 26’। इसमें अक्षय कुमार अनुपम खेर के साथ मिलकर फर्जी सीबीआई ऑफिसर बन व्यापारियों से ठगी करते हैं। इसी अंदाज में ठगी का प्रयास विदिशा जिले के गंजबासौदा में हुआ। यहां 3 लोगों ने मिलकर बैंक मैनेजर से पैसे ऐंठने की कोशिश की। हालांकि, मैनेजर ने सूझबूझ से अपने मित्रों के साथ मिलकर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना शुक्रवार देर शाम की है। गंजबासौदा देहात पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नागरिक बैंक के प्रबंधक हरिओम भावसार ने बताया कि शाम के समय बैंक बंद कर अपने घर पहुंचा था, तभी एक शख्स मेरे पास आया कहने लगा कि साहब कार में बैठे हैं। आपसे चर्चा करना चाहते हैं। मैं कार के पास गया। उस कार में 2 लोग और बैठे थे। उनमें से एक व्यक्ति ने अपने आप को डीएसपी लोकायुक्त योगेश खुरचानिया बताया। वह मुझसे कहने लगे कि आपके खिलाफ लोकायुक्त में आय से अधिक संपत्ति की शिकायत आई है।

नंबर प्लेट पर हाईकोर्ट लिखी कार से आरोपी बैंक मैनेजर के घर पहुंचे थे। पुलिस ने उनकी ये कार भी जब्त कर ली है।

दो को पकड़कर पुलिस को सौंपा

भावसार ने बताया कि आरोपियों ने उनसे कहा- आय से अधिक संपत्ति के मामले में आपकी गिरफ्तारी हो सकती है। उसी मामले में चर्चा करने आए हैं, कुछ ले-देकर मामला निपटा लो। प्रबंधक भावसार ने उनसे कहा कि उस मामले में जांच हो चुकी है। उसके दस्तावेज मैं बता सकता हूं। यह सुनकर आरोपी इधर-उधर की बातें करने लगे। उनकी बातों से भावसार को उनपर शक हुआ। जैसे ही वहां मैनेजर के कुछ दोस्त आए और उनसे पूछताछ शुरू की तो वे फर्जी अधिकारी भागने लगे। तब उनमें से 2 लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मैनेजर ने बताया कि एक व्यक्ति मौके से भाग गया है।

- Advertisement -
फर्जी लोकायुक्त अधिकारी बनकर आए दोनों आरोपियों को पुलिस ने थाने में बैठकर पूछताछ की।

आरोपियों के पास थी पिस्टल

आरोपी अपने साथ पिस्टल भी लेकर आए थे। ये लोग कार (एमपी 09 सीएम 0029) से आए थे, जिस पर हाईकोर्ट लिखा हुआ था। जिन 2 लोगों को देहात थाने में सौंपा गया, उनमें से एक ने अपना नाम रामेश्वर प्रसाद मालवीय तो दूसरे ने निकेत शर्मा बताया है। इन दोनों ने पुलिस को बताया है कि वे डीएसपी योगेश खुरचानिया के साथ गंजबासौदा एक मामले की तामील लेकर आए थे। पुलिस ने उनकी बात के आधार पर जांच की तो लोकायुक्त कार्यालय से जुड़े हुए नहीं थे। पुलिस ने रामेश्वर मालवील और निकेत शर्मा के खिलाफ 419, 384, 467 के तहत मामला दर्ज किया है।

मैनेजर पर दो महीने पहले दर्ज हुआ था गबन का मामला

जानकारी अनुसार हरिओम भावसार पर दो महीने पहले बैंक में राशि के गबन के आरोप लगे थे, जिसमें लगभग 26 लाख रुपए का हेरफेर भावसार ने अपने खाते में किया था। इसके बाद हरिओम भावसार ने सभी दस्तावेज पेश कर दिए और राशि भी लौटा दी थी। वहीं, इस मामले की जानकारी मिलते ही ठगों ने भी उन्हें अपना शिकार बनाने की कोशिश की, लेकिन प्रबंधक की सूझबूझ से पकड़े गए।

सरकारी कर्मचारी है एक आरोपी

एएसपी समीर यादव ने बताया कि दोनों ठग भोपाल के रहने वाले हैं। एक आरोपित रामेश्वर मालवीय उद्यानिकी विभाग में कर्मचारी है। निकेत शर्मा उसी कार का मालिक है, जिससे वह गंजबासौदा आए थे। इन्होंने मैनेजर से पैसों की मांग की थी। इनके पास फर्जी दस्तावेज पाए गए हैं। आरोपियों ने लोकायुक्त डीएसपी योगेश खुरचानिया के नाम का उपयोग किया है। हालांकि, इनमें तीसरा ठग अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है, फिर उसकी पहचान हो सकेगी। वहीं, इनसे आगे की पूछताछ कर और जानकारी ली जा रही है।

Exit mobile version