लाड़ली बहना योजना : जिन महिलाओं के खाते में नहीं आए पैसे, अब पोस्ट ऑफिस में खुलेगा उनका खाता, सबसे शेयर करें जरूरी जानकारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा 25 तारीख से एक बार फिर लाड़लियों को योजना में शामिल करने की घोषणा के बाद बैंकों में महिलाओं की लम्बी-लम्बी कतारें लगने लगी हैं। ईकेवाईसी करने की प्रक्रिया को पहले से ही कम्पलीट कराया जा रहा है। 21 से 23 साल की महिलाओं के साथ साथ ट्रैक्टर की पात्रता वाले परिवार भी लाड़ली बहना योजना के लाभ के लिए आगे आ रहे हैं। इस बीच उन महिलाओं को लाभ दिलाने के लिए, जिनके खाते में अब तक एक भी किश्त नहीं आई है, नगर निगम के सभी 19 झोन सहित ग्रामीण क्षेत्रों के जनपद कार्यालयों में शिविर लगाए जाने की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। शिविर में इन महिलाओं के पोस्ट ऑफिस में खाते खुलवाए जाएंगे ताकि इन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।

अधिकारियों के अनुसार, निजी बैंकों के खातों में मिनिमम बैलेंस की प्रणाली होने के कारण, गरीब व मजदूर वर्ग के खातों में से राशि काटी जा रही थी जिससे लाड़ली बहना योजना की पहली किस्त जारी होने के बाद भी कई महिलाओं ने पैसे नहीं आने या आधे पैसे आने की शिकायत की थी। इसके बाद पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाए जाने की प्रक्रिया करवाई जा रही है। 10 हजार 500 महिलाएं, जो पहली और दूसरी किस्त का फायदा नहीं उठा पाई हैं, अब उनके पोस्ट ऑफिस में खाते खुलवाए जा रहे हैं। पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड व मोबाइल नं. साथ ले जाना आवश्यक है।

Exit mobile version