मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद आज पहली बार शुजालपुर नगर आगमन पर मंत्री इंदरसिंह परमार का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। शुजालपुर विधानसभा से दूसरी बार विधायक और अब केबिनेट मंत्री बनने से शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं द्वारा मंत्री परमार का कहीं पुष्पवर्षा तो कहीं लड्डुओं से तोलकर सम्मानित किया गया। पूरा नगर भ्रमण करने के बाद कैबिनेट मंत्री इंदरसिंह परमार ने प्रसिद्ध जटाशंकर महादेव मंदिर जाकर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद मंत्री परमार ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और समाजजनों से मुलाकात कर फिर से उनपर भरोसा जताते हुए विजयश्री दिलाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
