AI की मदद से ठगी, आवाज की क्लोनिंग कर बुजुर्ग से वसूली फिरौती

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

देशभर में बढ़ते अपराधों के बीच अब ठगों ने AI की मदद से लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है. ताजा मामला दिल्ली के यमुनानगर का है, जहां ठगों ने AI टूल के जरिए एक शख्स आवाज की क्लोनिंग करके एक बुजुर्ग से फिरौती वसूल ली. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक वारदात 24 अक्टूबर की है. यमुना विहार दिल्ली के रहने वाले लक्ष्मी चंद चावला के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने लक्ष्मी चंद से कहा कि अगर तुरंत उसे 50 हजार रुपए ट्रांसफर नहीं किए गए तो उनके (लक्ष्मीचंद) भतीजे कपिल (25) के साथ मारपीट की जाएगी.

…और ट्रांसफर कर दिए 50 हजार रुपए

वाट्सऐप कॉलिंग के दौरान लक्ष्मीचंद को एक शख्स के रोने की आवाज सुनाई दी. यह आवाज उनके भतीजे की आवाज से काफी मिलती जुलती थी. आवाज सुनकर लक्ष्मी चंद घबरा गए, उन्हें लगा कि उनके भतीजे का अपहरण हो गया है. यह सोचकर उन्होंने दिए गए पेटीएम नंबर पर 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए.

- Advertisement -

कपिल को फोन करने पर पता चली सच्चाई

पैसे ट्रांसफर कर इसके बाद लक्ष्मी चंद ने अपने भाई को फोन कर भतीजे के बारे में पूछताछ की. पता चला कि उनका भतीजा कपिल घर पर सुरक्षित है और वह कहीं नहीं गया. फोन पर बात होने के बाद लक्ष्मीचंद समझ गए कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं. लक्ष्मीचंद ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की.

मनी ट्रेल को ट्रैक करने की कोशिश जारी

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस मामले में मनी ट्रेल को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक पुलिस को इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला है

Exit mobile version