मोबाइल की सेल नहीं, पुलिस का कंट्रोल रूम है, पढ़‍िये क्‍या है मामला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पुलिस ने 11 राज्यों से ढूंढे मोबाइल, बरामद फोन की संख्या 558 और कीमत 2 करोड़ रुपये। पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में विभिन्‍न लोगों के गुम और लूटे गए मोबाइल वितरित किए गए। विभिन्न कंपनियों के ये फोन पुलिस द्वारा ढूंढे गए हैं । क्राइम ब्रांच ने रविवार को 558 लोगों को काल कर आवेदकों को मोबाइल मिलने की सूचना दी और आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र के हाथों वितरण करवाया। आवेदकों ने सिटीजन काप पर शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस का दावा है कि बरामद फोन की कीमत दो करोड़ रुपये है।पुलिस ने इनको 11 राज्यों से ढूंढा है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त(अपराध) राजेश हिंगणकर के मुताबिक आवेदक द्वारा शिकायत करते ही क्राइम ब्रांच की साइबर सेल तकनीकी जांच शुरु कर देती है। आइएमईआइ के माध्यम से ट्रैक करने पर पता चला कि गुम फोन छत्‍तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, बिहार, दिल्ली, ओडिशा, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्‍तर प्रदेश सहित 11 राज्यों में चलते पाए गए हैं। पुलिस ने सभी आवेदकों को मोबाइल मिलने की सूचना कर दी थी। रविवार को उनसे आइडी कार्ड लिया और उन्हें मोबाइल सौंपा।

लूट के फोन भी गुम बताए

क्राइम ब्रांच ने जो फोन बांटे उसमें कुछ आवेदक ऐसे थे जिनके साथ लूट की घटनाएं हुई थी। थानों में उनसे गुम होने के आवेदन ले लिए गए थे। परेशान होकर आवेदकों को सिटीजन काप शिकायत करना पड़ी। कई फोन दुकानदारों से बरामद हुए हैंं, जिन्होंने बदमाशों से सस्ते दामों पर खरीदे थे।

- Advertisement -

ऐसे करें शिकायत
डीसीपी(अपराध) निमिष अग्रवाल के मुताबिक प्ले स्टोर से सिटीजन काप एप डाउनलोड कर लें। इसमे खोई/चोरी वस्तु का चुनाव करें। बिल,थाने से मिले आवेदन को अपलोड कर वैकल्पिक नंबर भी दर्ज कर दें। शिकायत नंबर सेव करें ताकि मोबाइल मिलने पर आपको सूचित किया जा सके।

Exit mobile version