दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाले के मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया. सिसोदिया को सीबीआई ने रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया था. 9 घंटे की पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने उनको गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई का आरोप है कि मनीष सिसोदिया ने शराब घोटाले में आपराधिक साजिश रची और उन्होंने सबूतों को मिटाने की कोशिश की. सिसोदिया ने रविवार की रात सीबीआई हेडक्वार्टर में गुजारी. उन्हें सुबह राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा. उधर, इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है. मनीष बेकसूर हैं. उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति है. आम आदमी पार्टी ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. आप नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में बीजेपी दफ्तर पर भी विरोध प्रदर्शन करेंगे.
मनीष सिसोदिया का इस्तीफा लें केजरीवाल- बीजेपी सांसद
बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा है कि केजरीवाल को मनीष सिसोदिया से इस्तीफा लेना चाहिए. अगर सिसोदिया से केजरीवाल इस्तीफा नही लेंगे तो BJP दिल्ली में धरना देगी. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को कैसे पता चला कि उनके नेता गिरफ्तार होने वाले हैं, इस मामले की भी जांच होनी चाहिए. केजरीवाल जिस करप्शन के खिलाफ आवाज उठाते थे, आज उन्हीं के मंत्री भ्रष्टाचार में फस रहे हैं.
दिल्ली से लेकर लखनऊ तक प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में पार्टी दफ्तर में जुट गए हैं. यहां से सभी कार्यकर्ता और नेता सीबीआई दफ्तर और बीजेपी दफ्तर जाएंगे, जहां विरोध प्रदर्शन करेंगे. भोपाल में भी आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है. चंडीगढ़ में भी आप के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के लिए जुट गए हैं. लखनऊ में 2.30 बजे से प्रदर्शन होगा.
सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन
सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आप ने हल्लाबोल शुरू कर दिया है. दिल्ली ही नहीं देश के अलग अलग हिस्सों में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं
केजरीवाल बोले- सीबीआई अफसर ही सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दावा किया है. केजरीवाल ने दावा किया है कि मुझे बताया गया है कि सीबीआई के ज्यादातर अफसर सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ थे. क्योंकि सिसोदिया के खिलाफ सबूत नहीं हैं और ये अफसर उनकी इज्जत करते हैं. लेकिन राजनीतिक दबाव इतना ज्यादा था, कि उन्हें अपने राजनीतिक बॉस की बात माननी पड़ी.
