परिवारवाद वाले बयान पर 24 घंटे में पलटे थरूर:पहले कहा- कांग्रेस परिवार से चलने वाली पार्टी; अब बोले- गांधी परिवार पार्टी की ताकत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

कांग्रेस को परिवारवाद वाली पार्टी बताने वाले बयान से सांसद शशि थरूर ने किनारा कर लिया है। थरूर ने बुधवार को सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा- मैंने पार्टी को लेकर ऐसा कुछ नहीं कहा। मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।

थरूर ने कहा- सोमवार को मैंने एक निजी कार्यक्रम में जो बयान दिया था, वह कोई फॉर्मल स्टेटमेंट नहीं था। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया। मैंने बार-बार कहा है कि नेहरू/गांधी परिवार का DNA कांग्रेस पार्टी के साथ अटूट रूप से जुड़ा हुआ है। परिवार ही पार्टी की ताकत है। इसमें भी कोई संदेह नहीं है कि राहुल गांधी पार्टी के सबसे पसंदीदा नेता हैं।

थरूर ने राहुल गांधी को पार्टी का सबसे पसंदीदा नेता भी कहा।

थरूर ने क्या बोला था
कांग्रेस सांसद शशि थरूर सोमवार को तिरुवनंतपुरम एक टेक कंपनी के दफ्तर के उद्घाटन कार्यक्रम में गए थे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछा कि 2024 लोकसभा चुनाव में अगर INDIA गठबंधन जीतती है तो कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद का दावेदार कौन होगा?

थरूर ने इसके जवाब में अमेरिका की संसदीय चुनाव प्रक्रिया का उदाहरण दिया था। थरूर ने कहा था- अमेरिका में मतदाता प्राइमरी के माध्यम से एक उम्मीदवार चुनते हैं जो फिर राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ता है।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि भारत में पार्टी तय करती है कि किसे प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ाना है और उम्मीदवार बनाना है। उन्होंने कहा कि अगले साल के चुनावों के नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं क्योंकि विपक्ष एकजुट हो चुका है। चुनाव परिणाम के बाद सभी पार्टियों को एक साथ आना होगा और किसी एक नेता को चुनना होगा।

मेरा मानना है कि कांग्रेस पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे या राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की पेशकश कर सकती है, क्योंकि कई मायनों में यह परिवार से चलने वाली पार्टी है। अगर खड़गे प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह देश के पहले दलित प्रधानमंत्री होंगे। थरूर ने ये भी कहा कि उन्हें यकीन है कि जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी, वो उसे बखूबी निभा सकेंगे।

Exit mobile version