जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा टाइट, देखिए G20 के समिट के लिए सेना की क्या है तैयारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

नई दिल्ली: दिल्ली में होने वाली G-20 समिट के लिए भारतीय सेना भी पूरी तरह तैयार है। सुरक्षा के इंतजामों के साथ ही किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए सेना का प्लान ए और प्लान बी दोनों तैयार है। सेना सुरक्षा में तो मदद करेगी ही साथ ही सिविल प्रशासन को भी सहयोग देगी। एयरफोर्स के साथ मिलकर भारतीय सेना एयर डिफेंस में भी भूमिका निभाएगी। भारतीय सेना के बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वैड तैनात रहेंगी। एक्सप्लोसिव डिटेक्शन टीम भी मुस्तैद रहेगी, जिसमें करीब 20 ईडी (एक्सप्लोसिव डिटेक्शन) डॉग शामिल होंगे।

घुसपैठिए ड्रोन को मार गिराएगी सेना
सेना दो या तीन वीइकल माउंटेड एंटी ड्रोन सिस्टम भी तैनात करेगी। अगर कोई ड्रोन एयर स्पेस में घुसपैठ करता है तो उसे तुरंत मार गिराया जाएगा। एयर डिफेंस का मुख्य जिम्मा एयरफोर्स निभाएगा और इस सिक्योरिटी ग्रिड में भारतीय सेना एयरफोर्स की मदद करेगी। सेना की करीब 8 से 10 क्विक रिएक्शन मेडिकल टीम भी तैनात रहेंगी जो किसी भी तरह के जैविक, रासायनिक या न्यूक्लियर हमले की स्थिति के लिहाज से भी पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद रहेंगी।

रिकवरी ग्रिड को भी मजबूत करेगी सेना
भारतीय सेना रिकवरी ग्रिड को भी मजबूत करेगी। इसका मतलब है कि कहीं अगर रोड ब्लॉक हो गई या इसी तरह की कोई स्थिति पैदा हुई तो सेना सिविल प्रशासन की मदद करेगी। सुरक्षा के लिए देश के अलग अलग जगह से अलग अलग सिक्योरिटी फोर्स के लोग भी आएंगे, भारतीय सेना इनके लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट भी उपलब्ध कराएगी। दिल्ली में भारतीय सेना की दो इंफ्रेंट्री ब्रिगेड और एक आर्टिलरी ब्रिगेड है। इसके करीब पांच-छह हजार सैनिक जी-20 के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहेंगे। हवाई सुरक्षा ग्रिड उसी तरह मजबूत रहेगा जिस तरह 26 जनवरी और 15 अगस्त को होता है।

Exit mobile version