बीते दिन दिल्ली सर्विस बिल पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा को लेकर हमला बोला था. अमित शाह ने कहा था कि दिल्ली की विधानसभा में तो सत्र ही नहीं बुलाया जाता. देश में यह एक ऐसी विधानसभा है जहां सत्र को कभी खत्म ही नहीं किया जाता. शाह के इस बयान के एक दिन बाद ही दिल्ली सरकार ने दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया है. दिल्ली सरकार ने 16 अगस्त को विधानसभा का सत्र बुलाया है.
संसद में दिल्ली सर्विस बिल पास होने के बाद पहली बार सत्र बुलाया गया है. सत्र के लिए सभी विधायकों को पत्र लिख कहा गया है कि 16 अगस्त 2023 को 11.00 बजे सदन की बैठक में मौजूद रहें. पत्र में कहा गया है कि विधानसभा के चौथे सत्र के दूसरे भाग की बैठक को अध्यक्ष ने 17 अप्रैल, 2023 को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया था.
बताते चलें कि बीते कल यानी सोमवार को ही गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि देश में दिल्ली संघराज्य क्षेत्र की एकमात्र असेंबली ऐसी है जिसका सत्रावसान ही नहीं होता है. उन्होंने कहा कि 2020 में दिल्ली विधानसभा का एक ही सत्र बुलाया गया, जिसमें 5 बैठकें हुईं. 2021 में भी एक ही बजट सत्र बुलाया गया, जिसमें 4 बैठकें हुईं, 2022 में भी एक ही बजट सत्र बुलाया गया और फिर 2023 में भी अभी तक एक ही बजट सत्र बुलाया गया है.
