नई दिल्ली। Parliament Winter Session 2023: देश के सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले संसद भवन की सुरक्षा में आज दो-दो चूक (Security Breach In Lok Sabha) की खबरें सामने आईं हैं। पहले मामले में संसद के बाहर से दो लोगों को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया और दूसरे मामला लोकसभा की कार्यवाही के दौरान का है।
धुआं-धुआं हुई संसद
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो शख्स जो दर्शक दीर्घा में बैठे थे अचानक सदन के बीच में कूद गए। इन्हें बाद में हिरासत में ले लिया गया।
लोकसभा के कार्यवाही वाली वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक अचानक से पीछे से सांसदों के बीच कूदता है और बीच में जाकर इधर-उधर देखता है। फिर वह जूता निकालता हुआ दिखता है और उसमें से कुछ निकालने की कोशिश करता है।
इसी बीच वह कुछ भारी सी चीज सदन में फेंकता है जिससे पीला धुआं निकलता है और हर ओर अफरा-तफरी मच जाती है। बड़ी हिम्मत करके कुछ सांसद उस युवक को पकड़ लेते हैं।
ये हैं आरोपी
नीलम- हिसार, हरियाणा
अनमोल शिंदे- लातूर, महाराष्ट्र
सागर शर्मा- लखनऊ, यूपी
मनोरंजन- मैसूर, कर्नाटक
एंटी टेरर यूनिट पूछताछ के लिए पहुंची
दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल पार्लियामेंट के अंदर हंगामा करने वाले लोगों से पूछताछ करने पहुंची।
दूसरा मामला
संसद के बाहर बुधवार सुबह कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। संसद की सुरक्षा में लगे दिल्ली पुलिस के जवानों ने दो प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
प्रदर्शनकारियों में एक महिला और एक पुरुष थे। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि हिरासत में ली गई महिला का नाम नीलम है।
