सुप्रीम कोर्ट के आदेश और केंद्र सरकार के अध्यादेश के बाद ये पहली बार है जब किसी पब्लिक कार्यक्रम में दिल्ली LG और CM एक साथ नज़र आए हैं. क्रेडिट वॉर के बीच दोनों ने साथ में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी का उद्घाटन किया है. मंच के डिजिटल स्क्रीन पर उद्घाटन के लिए लगाए गए पोस्टर पर एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर है और दूसरी तरफ दिल्ली LG और CM का फोटो है. ईस्ट कैंपस यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में LG विनय कुमार सक्सेना, CM अरविंद केजरीवाल एक साथ पहुंचे. साथ में शिक्षा मंत्री आतिशी, स्पीकर राम निवास गोयल और BJP सांसद गौतम गंभीर और BJP विधायक ओपी शर्मा भी मौजूद रहे.
पीएम मोदी का सपना है कि बच्चे पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे: BJP विधायक
भाषण की शुरुआत करते हुए BJP विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि विश्वास नगर और यमुना पार का एक सपना पूरा हुआ. साल 2000 में DDA ने जगह अलॉट की थी. लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद केंद्र के द्वारा बजट अलॉट हुआ. ये बिल्डिंग अंतरराष्ट्रीय इंस्टीट्यूट है. पीएम मोदी का सपना है कि बच्चे पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे. एक खुशखबरी यह है कि इस यूनिवर्सिटी के साथ मौजूद प्लॉट में ईस्ट दिल्ली का दिल्ली यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर अगस्त में बनने जा रहा है. इस दौरान ऑडिटोरियम में मौजूद BJP समर्थकों ने नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद और नरेंद्र मोदी धन्यवाद के नारे लगाए.
गौतम गंभीर ने कहा मैं कुर्सी से प्यार नहीं, सम्मान करता हूं
पूर्वी दिल्ली से BJP सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करता हूं. मैंने लम्बे भाषण नहीं दिए, वादों के लिए भाषण नहीं होते हैं. सच के साथ और झूठ के खिलाफ़ खड़े होना, देशहित में काम करना और देश के लिए जान न्योछावर करना, गरीब की सेवा करना, बेकसूर के साथ अन्याय देख साथ खड़े रहना, मैं सांसद की कुर्सी से प्यार नहीं करता, कुर्सी का सम्मान करता हूं. इस दौरान BJP समर्थकों ने जय श्री राम के भी नारे लगाए.
