घटने के बाद फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, बाढ़ का खतरा कायम; आज भी होगी दिल्ली में बारिश

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

यमुना का उफान कम होने के बाद माना जा रहा था कि सोमवार सुबह तक यमुना खतरे के निशान के नीचे आ जाएगी। सोमवार सुबह छह बजे तक यमुना का जलस्तर घटने का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया और रात 10 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज के पास यमुना का जलस्तर 206 मीटर के नजदीक पहुंच गया। ऐसे में बाढ़ का खतरा अभी भी पूरी तरह टला नहीं है।

आठ दिन से लगातार यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बना हुआ है। हालांकि सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार रात में यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो जाएगा। केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में मंगलवार सुबह आठ से 10 बजे के बीच यमुना का जल स्तर घटकर 205.63 मीटर हो जाएगा।

इस बीच आर्मी व नौसेना की टीम आइटीओ बैराज के बंद गेटों को खोलने में जुटी हुई है। पीडब्ल्यूडी ने रिंग रोड पर आइटीओ और राजघाट के आसपास से पानी निकालने के लिए 43 पंप लगाए हैं। तमाम सिविक एजेंसियां साफ-सफाई में जुटी हुई हैं। ओल्ड यमुना ब्रिज से ट्रेनों का परिचालन जारी रहा। रेलवे के अधिकारी जलस्तर पर नजर रख रहे हैं। रविवार रात 10 बजे यमुना का जलस्तर 206 मीटर था। इसके बाद सुबह तक जलस्तर खतरे के निशान (205.33 मीटर) से नीचे आने का पूर्वानुमान जारी किया गया था।

सुबह छह बजे यमुना का जलस्तर घटकर 205.45 मीटर पर आ गया था। एक घंटे बाद बढ़कर 205.48 हो गया। इसके बाद लगातार बढ़ता चला गया और शाम छह बजे 205.94 मीटर पहुंच गया। इसके बाद रात आठ बजे आंशिक कमी के साथ यह 205.93 मीटर रहा। हथनी कुंड बैराज से पिछले दिन के मुकाबले कम पानी छोड़ा गया। 24 घंटे में रात एक बजे अधिकतम 48,010 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शाम को चार हजार क्यूसेक से भी कम पानी छूट रहा है। ऐसे में फिलहाल जलस्तर बढ़ने की ज्यादा संभावना नहीं है।

- Advertisement -

बता दें कि 10 जुलाई की शाम पांच बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पार 205.76 मीटर पहुंच गया, जो 13 जुलाई की शाम छह बजे 208.66 मीटर पहुंच गया था।

राहत शिविरों में रहने की अपील

कैबिनेट मंत्री आतिशी ने यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर बाढ़ प्रभावित लोगों से राहत शिविरों में रहने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यद्यपि यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली में खतरा नहीं है। रविवार को हरियाणा के कुछ इलाकों में भारी वर्षा के कारण यमुना का जलस्तर थोड़ा बढ़ गया। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे जाने के बाद ही अपने घरों में वापस जाएं।

आज दिल्ली में मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना

मौसम विभाग ने मंगलवार को शहर में मध्यम स्तर की वर्षा होने की भविष्यवाणी की है। इसको लेकर यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इससे तापमान में भी आंशिक कमी आ सकती है। सोमवार को भी दिल्ली में बादलों की लुकाछिपी चलती रही, लेकिन मयूर विहार को छोड़कर कहीं भी वर्षा नहीं हुई। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.4 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। मध्यम स्तर की वर्षा होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

Exit mobile version