दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को भूकंप (Earthquake) के तेज झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Centre for Seismology) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल में रहा.नेपाल में 54 मिनट में भूकंप (Earthquake tremors) के चार झटके महसूस किए गए. भूकंप का पहला झटका दोपहर 2:25 बजे आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई. दोपहर 2:51 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 6.2 मापी गई. इसके बाद दोपहर 3 बजकर 6 मिनट पर भूकंप का तीसरा झटका महसूस हुआ. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.8 मापी गई. फिर 3 बजकर 19 मिनट पर भूकंप का चौथा झटका महसूस हुआ. रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.1 रही. इसकी गहराई पृथ्वी के तल से 5 किमी रही. नेपाल में भूकंप का पांचवां झटका मंगलवार शाम 5 बजकर 4 मिनट पर आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई. भूकंप की गहराई पृथ्वी के तल से 10 किलोमीटर थी. फिलहाल कहीं से जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है.
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के डायरेक्टर जेएल गौतम ने बताया, “सबसे ज्यादा तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के जोशीमठ से 200 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व नेपाल में था. ये 6.2 मॉडरेट इंटेनसिटी का भूकंप था. नेपाल से सटे यूपी, उत्तराखंड, बिहार के अलावा पंजाब हरियाणा, राजस्थान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.
उत्तर प्रदेश में 5.5 तीव्रता का आया भूकंप
उत्तर प्रदेश में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया. लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा, मेरठ, मुरादाबाद, गाजियाबाद, अयोध्या, अलीगढ़, हापुड़, अमरोहा में भूकंप के झटके महसूस किए गए. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं
राजस्थान और हरियाणा में महसूस किए गए भूकंप के झटके
राजस्थान के जयपुर, अलवर में करीब 6 से 7 सेकेंड में तीन-चार झटके महसूस किए गए. वहीं, हरियाणा में मंगलवार को एक दिन में दूसरी बार भूकंप आया. पानीपत, रोहतक, जींद, रेवाड़ी और चंडीगढ़ में दोपहर बाद 2:50 पर झटके महसूस हुए. इससे पहले सोनीपत में आज सुबह 2.7 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र सोनीपत बताया जा रहा है. धरती के 8 किलोमीटर नीचे हलचल दर्ज की गई है.
