इटली की PM मेलोनी ने नाजी समर्थक को मंत्री बनाया:रेव जैसी पार्टियों पर रोक का कानून लाईं; एक्सपर्ट बोले- खतरे में अधिकार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इटली की पहली दक्षिणपंथी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पद संभालने के महज दो हफ्तों के बाद ही विवादों में घिर गई हैं। विवादों की वजह मेलोनी की सरकार के फैसले हैं। मेलोनी ने पहले नाजी आर्मबैंड (स्वास्तिक निशान वाला) पहनने वाले नेता गलैजो बिग्नामी को मंत्री बनाया। इसके बाद उन्होंने कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने वाले डॉक्टरों पर लगी रोक हटा दी।

मेलोनी ने एक और फैसले में रेव जैसी पार्टियों पर रोक लगाने का कानून पास किया। इसके तहत रेव पार्टियों और उन सभाओं पर रोक लग सकेगी। सरकार का तर्क है कि इस कानून से रेव पार्टी और गैर-कानूनी डीजे म्यूजिक पार्टी पर रोक लगाई जाएगी और आयोजकों को तीन से छह साल की सजा दी जाएगी। ऐसे आयोजनों से नशे को बढ़ावा या यौन अपराध होने की आशंका बढ़ जाती है।

2005 में गलैजो नाजी स्वास्तिक निशान वाला आर्मबैंड पहने हुए कैमरे में कैद हुए थे। उन्होंने इस पर माफी मांगी थी, लेकिन लोग उनकी नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं।

फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन को खतरा
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन फैसलों ने संविधान में दिए गए नागरिकों के अधिकारों को खतरे में डाल दिया है। इस कानून की अस्पष्ट व्याख्या से इसकी आड़ में दूसरी सार्वजनिक सभाओं को रोका जा सकता है। इससे फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन को खतरा होगा और पब्लिक गैदरिंग नहीं गो पाएगी।

कोविड हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने वाले डॉक्टरों के संक्रमित होने और दूसरों तक संक्रमण फैलाने का खतरा रहेगा।

मेलोनी बड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे फैसले ले रहीं
लोगों का कहना है कि फैसले बड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए लिए गए हैं। एक्सपर्ट फ्रांसिस्को कैंसेलाटो ने बताया कि मेलोनी की सबसे बड़ी समस्या ये है कि देश का खजाना खाली है। महंगाई बढ़ रही है और एनर्जी बिल कम करने के वादे भी पूरे नहीं हो रहे हैं। इसलिए मेलोनी विभाजनकारी एजेंडा चला रही हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version