
इंदौर। एक पिता अपनी 16 साल की बेटी की शादी करवा रहा था। शादी के दो घंटे पहले चाइल्ड लाइन को जानकारी मिल गई, तो वह टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पिता से नाबालिग लड़की की शादी करने की वजह पूछी तो कह दिया कि अच्छा रिश्ता आ गया तो शादी के लिए हां कर दी थी। युवक और किशोरी की उम्र के 13 साल का अंतर था। बाद में समझाइश के बाद पिता मान गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह चाइल्ड लाइन के नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी थी कि पटेल नगर के हबलानी परिसर में एक नाबालिग का विवाह होने वाला है। समन्वयक राहुल गोठाने ने बताया कि सूचना मिलते ही हम लोग हरकत में आए और मामले की जानकारी महिला बाल विकास और बाल कल्याण समिति को दी गई। संयुक्त दल एकत्रित हुआ और जूनी इंदौर पुलिस को लेकर हबलानी परिसर पहुंचा। यहां पर माता-पिता से चर्चा की गई। बालिका के उम्र संबंधी दस्तावेज देखे गए, जिसमें उसकी उम्र 16 वर्ष पाई गई। स्वजन ने बताया कि वे मूल रूप से डकाच्या के रहने वाले हैं। पिता कहीं नौकरी करते हैं। बेटी अभी स्कूल में ही पढ़ाई कर रही है, लेकिन अच्छा रिश्ता आने पर उसका विवाह करने का निर्णय लिया। युवक की उम्र 29 साल थी। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
स्टाम्प पर लिखकर दिया- नहीं करेंगे शादी – जानकारी के अनुसार संयुक्त दल द्वारा वहीं पर पंचनामा बनाया गया। परिवार द्वारा स्टाम्प पेपर पर लिख कर दिया गया कि वो बालिका का बाल विवाह नहीं करेंगे। यदि वे बाद में बिना बताए यदि बाल विवाह करते हैं तो उनके ऊपर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
