राजेंद्र नगर टीआई अजय मिश्रा ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर शनिवार को इस मामले में शिकायत हुई थी
नाबालिग से विवाह करने व उसे ससुराल में प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति, सास-ससुर सहित नौ लोगों पर केस दर्ज किया है। बाल विवाह कराने वाले लड़की के नाना और पंडित को भी आरोपी बनाया है। राजेंद्र नगर टीआई अजय मिश्रा ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर शनिवार को इस मामले में शिकायत हुई थी।
उड़नदस्ता प्रभारी महेंद्र पाठक, चाइल्ड लाइन व बाल कल्याण समिति ने बालिका की तलाश की। पाठक ने बताया कि केसरबाग ब्रिज के पास एक अपार्टमेंट में रहने वाले गिरि परिवार की सूचना मिली थी, लेकिन सभी ने विवाह की बात से इनकार कर दिया। चौकीदार भी सही जानकारी नहीं दे रहा था। जब बालिका के नाम को लेकर पूछताछ शुरू हुई तो पता चला कि अपार्टमेंट का चौकीदार ही बाल विवाह का आरोपी है। इस पर उसके यहां ब्याही बालिका को बुलाकर टीम ने पूछताछ की तो पता चला उसका विवाह सितंबर में हुआ है। हाईस्कूल की अंकसूची में बालिका का जन्म 6 अप्रैल 2005 का दर्ज है।
