इंदौर के खुडैल थाना क्षेत्र के दूधिया गांव में शादी समारोह के कार्यक्रम में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान शादी समारोह में मौजूद दुल्हन के मामा की हत्या कर दी गई, जिसके बाद खुडैल थाना पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं एक मुख्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहा है।
दरअसल खुडैल थाना क्षेत्र के ग्राम दूधिया में रहने वाले महेश रावल के घर दो बेटियों की शादी की रस्में निभाई जा रही थी। एक बेटी के ससुराल के लोग इंदौर से आने वाले थे, तो वहीं दूसरी बेटी का ससुराल घर से कुछ ही दूरी पर था। शादी समारोह में परिवार आ चुका था और रस्में शुरू हो चुकी थी। इस दौरान मैमरे की रसम शुरू हुई और रसम शुरू होते ही महिलाओं का नाच गाना भी शुरू हो गया। इस दौरान दुल्हन के ससुराल पक्ष के कुछ युवक शादी समारोह में पहुंच गए और वहां महिलाओं के बीच नाचने लगे, नाचने के दौरान वहां मौजूद दुल्हन के मामा मृतक मंशाराम द्वारा दुल्हन के देवर भोला को मना किया गया कि वह महिलाओं के बीच में ना नाचे, जिस पर दोनों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि भोला अपने दो साथी विजय और राजा को बुला कर ले आया और तीनों ने मिलकर दुल्हन के मामा मृतक मंशाराम पर चाकू से हमला कर दिया जिसके कारण चाकू का वार उनके गले पर लगा और अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मंसाराम की मौत हो गई। देखते ही देखते खुशियों का माहौल गमगीन हो गया और दूरदराज से आए परिवार डर के साए में जीने लगे। इस दौरान कई बार पुलिस को सूचित किया गया, लेकिन पुलिस भी नहीं पहुंची। फिलहाल मृतक मंशाराम को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भेजा गया। जहां पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
इधर ग्रामीण एसपी भगवंत सिंह विरदे का कहना है कि घटना अचानक हुई जिसके बाद मौके से पुलिस ने आरोपी विजय और राजा को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है वही मुख्य आरोपी भोला की तलाश की जा रही है आरोपी रिश्ते में दुल्हन का देवर बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि जहां एक तरफ शादी समारोह में खुशियों का माहौल था वह अब गमगीन हो चुका है आधे से ज्यादा रिश्तेदार जा चुके हैं वहीं कुछ रिश्तेदार दुल्हन के मामा की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इधर पुलिस मुख्य आरोपी भोला की तलाश में जुटी हुई है।
