पत्थर गोदाम में क्राइम ब्रांच और गुंडों के बीच मुठभेड़ पुलिस ने मारी दो गुंडों को गोली दोनों घायल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

एमजी रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थर गोदाम पर पुलिस और गुंडों के बीच बुधवार दोपहर मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से चल रही गोलियां से वहां अफरा-तफरी मच गई। क्राइम ब्रांच की टीम सूचना के आधार पर अपराधियों को पकड़ने गई थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। क्राइम ब्रांच टीम की जवाबी फायरिंग में दो गुंडों इमरान उर्फ इम्मू और अकरम ऊर्फ जिंद को गोली लगी है जिन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया है।

एडिशनल डीसीपी गुरूप्रसाद पाराशर ने बताया अकरम रावजी बाजार थाने का इनामी बदमाश है। तीन बदमाशों को पूछताछ के लिए एमजी थाने के लॉकअप से निकालकर लाया जा रहा था, इसी दौरान तीनों धक्का देकर भाग निकले। एक आरोपी को पुलिस ने थाने में ही पकड़ लिया, जबकि इमरान और अकरम भाग निकले थे। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीआई धनेंद्र भदौरिया और टीम पीछे लग गई। पत्थर गोदाम पर पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने को कहा था लेकिन उन्होंने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में इमरान और अकरम घायल हो गए। अकरम रावजी बाजार थाने का लिस्टेड गुंडा है, जिस पर पुलिस ने दो हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया था। दूसरा बदमाश इम्मू उर्फ इमरान भी कुख्यात अपराधी है जिस पर 52 अपराध दर्ज हैं। पुलिस को मौके से एक पिस्टल भी मिली है। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे हैं।

Exit mobile version