ऑनलाइन गेमिंग और खासतौर पर पबजी (PUBG) की लत कितनी खतरनाक साबित हो सकती है, इसकी एक और मिसाल पाकिस्तान में सामने आई है। यहां पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में 14 साल के लड़के ने मां, दो बहनों और एक भाई को सोते वक्त गोलियों से भून दिया। घटना पिछले हफ्ते की है। पुलिस ने शुक्रवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड का सच देश के सामने रखा। आरोपी नाबालिग है। लिहाजा उसका नाम नहीं बताया गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस पिस्टल से उसने हत्याकांड को अंजाम दिया, वो नाबालिग की मां ने परिवार की हिफाजत के लिए खरीदी थी।
क्या है मामला?
लाहौर के पॉश इलाके खना में 45 साल की नाहिद मुबारक अपनी दो बेटियों (17 और 11 साल) के अलावा दो बेटों (22 और 14 साल) के साथ रहती थीं। नाहिद तलाकशुदा थीं और सरकारी हेल्थ डिपार्टमेंट में कर्मचारी थीं।
पिछले हफ्ते नाहिद, दोनों बेटियों और बड़े बेटे के शव उनके घर से बरामद किए गए थे। 14 साल के छोटे बेटे ने पड़ोसी से पुलिस को बुलाने की गुजारिश की थी। पूरे परिवार में 14 साल का यही लड़का बचा था। बाकी सभी का कत्ल कर दिया गया था। पुलिस पर इस मामले का सुलझाने का काफी दबाव था। मीडिया में इस केस को लेकर काफी चर्चा हो रही थी।
पुलिस ने कैसे खोला राज
पुलिस ने एक बयान में कहा- घटना की जानकारी मिलने पर कई एंगल से जांच-पड़ताल की गई। नाबालिग ने पड़ोसी से पुलिस को फोन करने को कहा था, जबकि घर में कई फोन थे। हमारा शक उस पर था। उसने पुलिस को बताया था कि वो ऊपर की मंजिल में सो रहा था और सुबह उसने लाशें देखीं। गहराई से पूछताछ करने पर वो टूट गया और उसने बताया कि ये सभी कत्ल उसने ही किए हैं।
पबजी की लत
पुलिस के मुताबिक- जांच के दौरान पता लगा कि नाबालिग मां उसकी पबजी गेम खेलने की लत से परेशान थीं और उसे कई बार पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा था। घटना वाले दिन भी नाहिद ने बेटे को गेमिंग की लत छोड़ने को लेकर डांट लगाई थी। रात में परिवार के सभी सदस्य सो गए तो नाबालिग ने अल्मारी से मां की लाइसेंसी पिस्टल निकाली और एक-एक करके सभी की हत्या कर दी। वो गेमिंग की लत की वजह से मानसिक तौर पर भी स्वस्थ नहीं है। उसने जुर्म कबूल कर लिया है।
