- आरोपी से विभिन्न बैंकों के कुल 61 एटीएम व 20,300/-रूपये नगद किये जप्त।
ग्वालियर दिनांक 19.08.2022 – दिनांक 21.07.22 को फरियादी दीवान सिंह राजावत ने थाना गोला का मन्दिर पर रिपोर्ट की थी कि उसके द्वारा दिनांक 14.07.2022 को पिन्टोपार्क स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से पैसे निकालते वक्त एटीएम में खडे अन्य व्यक्ति द्वारा धोखाधडी पूर्वक उसका एटीएम बदलकर उससे 01 लाख 40 हजार रूपये निकाल लिये हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना गोला का मन्दिर में अपराध क्र 447/22 धारा 420 ताहि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे द्वारा आरोपी की पतारसी कर उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश अति. पुलिस अधीक्षक (शहर पूर्व/अपराध) श्री राजेश दण्डोतिया को दिये गये।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक मुरार श्री ऋषिकेश मीणा,भापुसे( के कुशल मागदर्शन में थाना प्रभारी थाना गोला का मन्दिर निरीक्षक मिर्जा आसिफ बेग के नेतृत्व में पुलिस बल की एक टीम घटित की जाकर आरोपी की तलाश हेतु लगाया गया। विवेचना के दौरान थाना प्रभारी गोला का मन्दिर द्वारा थाना प्रभारी मुरार की पुलिस टीम का सहयोग लिया जाकर प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर मुखबिर तन्त्र को सक्रिय किया गया। आज दिनांक 19.08.2022 को जरिए पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि उक्त दिनांक को घटना कारित करने वाले हुलिया का एक व्यक्ति यादव धर्मकाँटे के पास खडा है। सूचना पर पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर रवाना किया गया। यादव धर्मकाँटे के पास पुलिस टीम को मुखबिर के बताये अनुसार व फुटेज के हुलिए वाला एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। मौके से भाग रहे संदिग्ध को पुलिस जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़े गये संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके पास विभिन्न बैंकों के कुल 61 एटीएम व 20,300/-रूपये नगद मिले, जिन्हे पुलिस टीम द्वारा विधिवत् जप्त किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा स्वयं को धौलपुर का रहने वाला बताया तथा धौलपुर निवासी ही एक अन्य साथी के साथ उसकी एफजेड यामाहा मोटर साईकिल से यहां आकर घटना करना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी ने ग्वालियर व अन्य स्थानों पर भी अपने साथी के साथ इसी प्रकार की घटना करना स्वीकार किया है। जिसके संबंध में आरोपी को पुलिस रिमाण्ड लिया जाकर उससे अन्य घटनाओं व उसके फरार साथी के संबंध में पूछताछ की जाएगी, जिससे अन्य घटनाओं का खुलासा होने की भी संभावना है।
सराहनीय भूमिका:- उक्त आरोपी को पकड़ने में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक मिर्जा आसिफ बेग, थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक शैलेन्द्र भार्गव, आर. नीरज यादव, पंकज तोमर(दोनों की मुख्य भूमिका) थाना गोले का मन्दिर की टीम-सउनि शिवपाल सिंह, प्र.आर. महावीर सिंह, आर. गिर्राज, शशिकान्त एंव थाना मुरार की टीम- आरक्षक दिनेश राजावत, योगेन्द्र सिकरवार का सराहनीय योगदान रहा है।
