इंदौर में ज्वेलर्स की दुकान का शटर उचकाकर बदमाश सवा चार लाख की चांदी और एक लाख रुपये ले भागे

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

नंदानगर में रहने वाले 35 वर्षीय गोविंद पुत्र किशोर नाथोनी ने शनिवार को गांधीनगर थाने में चांदी और रुपये चोरी होने की शिकायत की है। गोविंद ने पुलिस को बताया कि उनकी गांधीनगर मुख्य रोड पर वैभव ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद करके वे घर चले गए थे। दूसरे दिन सुबह 7 बजे पड़ोसियों का फोन आया कि दुकान के ताले टूटे हैं। वे दुकान पहुंचे तो देखा कि बदमाश चार लाख 35 हजार रुपये की चांदी और 95 हजार रुपये चुरा ले गए।

इसके बाद गोविंद नाथोनी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर टीआइ संतोष यादव व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। एफएसएल की टीम ने फिंगरप्रिंट लिए। पुलिस ने सीसीसीटीवी कैमरों में भी फुटेज की तलाश की। गोविंद ने बताया कि उनकी दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। सड़क पर कुछ स्थानों पर कैमरे हैं, उनमें फुटेज की जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version