होलकर कालेज के सामने युवकों ने दो छात्राओं को बेल्ट से पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

होलकर विज्ञान महाविद्यालय के सामने दो छात्राओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अज्ञात युवकों ने छात्राओं से विवाद कर अपशब्द कहे और बेल्ट से पीटा। अज्ञात युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

भंवरकुआं थाना पुलिस के अनुसार, घटना 1 मार्च को शाम साढ़े पांच बजे की है। महाविद्यालय के सामने से फरियादी अंबिका पुत्री स्व. केशव कुमार शर्मा निवासी स्कीम 78 सहेली के साथ भंवरकुआं की तरफ पैदल जा रही थी। तभी एक्टिवा और बाइक पर सवार चार युवक आए और छात्राओं का रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने लगे। छात्राओं को अपशब्द कहते हुए युवकों ने बेल्ट निकाला और मारपीट की। बाद में धमकाकर भाग गए। पुलिस ने एक्टिवा क्रमांक एमपी 09 एसएल 3678 के चालक व बाइक बिना नंबर की जिस पर फरदीन-1118 लिखा था, के चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। जांच अधिकारी अजयसिंह चौहान ने बताया कि दोनों छात्राएं होलकर विज्ञान महाविद्यालय में पढ़ती हैं। एक्टिवा के नंबर के माध्यम से चालक की जानकारी आरटीओ से मांगी है। जानकारी मिलने पर आगे कार्रवाई होगी। वहीं मामले में प्राचार्य सुरेश सिलावट का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। किसी छात्रा के द्वारा उन्हें लिखित शिकायत भी नहीं की गई है।

लगातार सामने आ रही घटनाएं – होलकर विज्ञान महाविद्यालय से लेकर भंवरकुआं चौराहे के बीच लगातार छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। शैक्षणिक क्षेत्र होने से यहां सुबह से शाम तक विद्यार्थियों की आवाजाही बनी रहती है। पिछले दिनों प्रैंक वीडियो के नाम पर परेशान करने वाले युवकों की शिकायत भी छात्राओं ने भंवरकुआं थाने में की थी। कई बार छात्राएं डर के कारण भी मनचलों के खिलाफ शिकायत नहीं करती हैं।

Exit mobile version