प्रेम विवाह करने वाले अंकित चौहान के स्वजन ने ससुराल वालों पर लगाए आरोप, पुलिस ने बरामद किया मोबाइल।
द्वारकापुरी में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले अंकित चौहान के स्वजन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अंकित ने 15 दिन पूर्व प्रेम विवाह कर लिया था लेकिन ससुराल वाले पत्नी को भेजने के लिए 50 हजार रुपये मांग रहे थे। पुलिस ने उसका मोबाइल बरामद कर लिया है।
23 वर्षीय अंकित पुत्र पप्पू चौहान ने 19 मई को घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया लेकिन उन्होंने बयानों में प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। अंकित के भाई पीयूष ने कहा कि अंकित का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों ने 3 मई को बिजासन माता मंदिर में शादी भी कर ली थी। 18 मई को उसकी पत्नी को स्वजन बहाने से ले गए और पत्नी को वापस भेजने के लिए अंकित से 50 हजार रुपये मांगे। उससे विवाद किया और कहा कि हमारे समाज में रुपयों का लेनदेन होता है। अंकित ने इससे परेशान होकर फांसी लगा ली। द्वाराकापुरी थाना टीआइ सतीश द्विवेदी के मुताबिक पुलिस को घटना स्थल से मोबाइल फोन मिला है।
दीवार पर नंबर और फोन में मैसेज मिले – पुलिस के मुताबिक अंकित ने संभवत: 18 मई को ही आत्महत्या कर ली थी। मूलत: ओंकारेश्वर का रहने वाला अंकित किराये से रहता था। उसके पिता पप्पू चौहान रिक्शा चलाते हैं। 19 मई को उसके दोस्त ने कॉल किया और फोन नहीं उठाने पर वह घर पहुंचा था। जिस कमरे में फांसी लगाई उसकी दीवार पर एक मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। मोबाइल में आई लव यू पापा मैसेज था।
