बोरे में मिला शव लापता नाबालिग लड़की का निकला, प्रेमी ने हत्या कर जलाया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

गांव फफूंद की रहने वाली थी लड़की, पिता चलाते हैं किराना दुकान, आरोपित के दोस्त को पुलिस ने हिरासत में लिया।

इंदौर के ग्राम रलायता स्थित चंबल नदी में मिला शव नाबालिग लड़की का निकला। उसका डेढ़ महीने पूर्व अपहरण हुआ था। उसके प्रेमी सोहन डोंडिया ने हत्या कर पहचान छुपाने के लिए चेहरा जला दिया। मानपुर पुलिस ने सोहन के दोस्त अमित यादव को हिरासत में ले लिया है।

एएसपी (ग्रामीण) शशिकांत कनकने के मुताबिक ग्राम रलायता स्थित चंबल नदी में बेसन के बोरे में नाबालिग लड़की का शव मिला था। जांच में पता चला कि वह गांव फफूंद की रहने वाली थी। उसके पिता की किराना दुकान है। लड़की को मतलबपुर में रहने वाला सोहन पुत्र विजय डोंडिया अगवा कर ले गया था। पुलिस उसकी तलाश भी कर रही थी।

प्रेमी को तलाश रही पुलिस – टीआइ विजयसिंह सिसोदिया के मुताबिक सोहन 15 दिन विराट नगर (मूसाखेड़ी) इंदौर में रहने वाले दोस्त अमित यादव की मदद से भी रुका था। दोनों ही हेल्पर का काम करते थे। पुलिस ने सोहन की संभावित ठिकानों पर तलाश की लेकिन जानकारी नहीं मिली। उसके मोबाइल भी बंद आ रहे हैं। पुलिस बेसन के बोरे के आधार पर भी जांच कर रही है। जिस बोरे में शव मिला वह कटनी का है। सियागंज में उसका थोक व्यापारी है। गौतमपुरा और देपालपुर में भी तीन व्यापारी उस ब्रांड का बेसन बेचते हैं। पुलिस व्यापारियों के जरिए भी जानकारी जुटा रही है।

- Advertisement -
Exit mobile version