पत्नी की दिल दहलाने वाली करतूत दोस्तों के साथ मिलकर पति की हत्या,फिर टुकड़े-टुकड़े कर घर में गाड़ दिया

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read

शहर में दिल दहला देने वाली घटना हुई। करीब 10 पहले रहस्यमयी तरीके से लापता हुए ड्राइवर को उसकी ही पत्नी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर बाथरूम में गाड़ दिया। इसके लिए उसने मजदूरों को बुलाकर सेप्टिक टैंक के नाम पर गड्ढा खुदवाया और लाश को दफन कर दिया। इसके बाद पुलिस को गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस को महिला के हावभाव से उसी पर शक हुआ, जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो महिला ने अपने दो साथियों के साथ हत्या करना कबूल कर लिया।

मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का है। 40 वर्षीय मृतक का नाम कृष्णनेंद्र उर्फ बबलू है और वह पेशे से ड्राइवर था। शुक्रवार सुबह जब पुलिस ने जेसीबी की मदद से बाथरूम में खुदाई की तो मृतक का शव 6 फीट गहराई में मिला। मृतक का धड़ बोरी में बंद था। घुटने के नीचे से दोनों पैर एक और एक हाथ नहीं था जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस के मुताबिक बबलू की हत्या के पहले उसकी पत्नी सुनीता जादौन ने उसे दाल-बाटी में नींद की गोली मिलाकर बेहोश किया। इसके बाद रिजवान और भय्यू की मदद से पति की बेरहमी से हत्या कर दी। शव को घर में दफनाने के बाद वह 14 फरवरी को बाणगंगा थाने पहुंची और बताया कि 7 फरवरी से पति बिना बताए कहीं चला गया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस को उसके और उसके बेटों का व्यवहार संदिग्ध लगा। इसके चलते उस पर नजर रखी गई। इस दौरान कुछ ऐसे सबूत पुलिस के हाथ लगे जिससे सुनीता पर शक पुख्ता हो गया जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी महिला के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रशांत भी इस हत्याकांड में शामिल है। आरोपी सुनीता और उसके बेटे को प्रशांत हिरासत में लिया गया है। उसके साथी रिजवान और भय्यू फरार हैं।

हाथ-पैर अलग-अलग जगह फेंके

जब शव को गड्ढे से बाहर निकाला गया तो घुटने के नीचे से दोनों पैर और एक हाथ नहीं था। आरोपी महिला सुनीता ने पुलिस को बताया उसका पति बबलू उसे और उसके दोनों बेटों प्रशांत और धु्रव को रोज पीटता था। जिससे चलते वह नरवल कांकड़ में अपने घर को छोड़ गणेश धाम में आकर रहने लगी लेकिन यहां भी बबलू आकर मारपीट करता था जिसके बाद सुनीता की दोस्ती रिजवान और भय्यू से हो गई। इसके बाद सुनीता ने 5 फरवरी को दाल-बाटी बनाई और बबलू को दाल में नींद की गोली मिलाकर खिला दी। इससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके शरीर के हाथ, पैर और धड़ काटकर अलग-अलग कर दिये। पुलिस के मुताबिक महिला ने उसके शरीर के टुकड़ों को अलग-अलग जगह फेंका है, जबकि धड़ को गाढ़ दिया है।

- Advertisement -

घर से भागने की फिराक में थी

बाणगंगा टीआई राजेंद्र सोनी ने बताया सुनीता जादौन ने जब रिपोर्ट लिखवाई तो उसके और उसके बेटों के हावभाव से नहीं लगा कि उन्हें पति के गुम हो जाने को कोई मलाल है। मोहल्ले में पूछताछ के दौरान गुरूवार को मुखबिर ने सूचना दी कि सुनीता घर से भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि बबूल की हत्या गणेश धाम स्थित घर में की गई थी और उसकी लाश को नरवल कांकड़ के घर में लाकर गाड़ दिया गया था। इसके बाद मजदूर को बुलवाकर उस पर प्लास्टर कर दिया था। टीआई सोनी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फरार आरोपी रिजवान और भय्यू की तलाश की जा रही है, उनकी हत्याकांड में क्या भूमिका है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version