अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय मूल का अधेड़ काफी समय से इंदौर में रहने वाली महिला को बदनाम कर रहा है। दोनों शादी डाॅट काॅम से जरिए संपर्क में आए थे जिसके बाद वाॅट्सएप पर बात होने लगी। जब महिला को उसके तलाकशुदा और दो बच्चों का पिता होने की जानकारी लगी तो उसने बात करना बंद कर दिया जिसके बाद एनआरआई उसे बदनाम करने के लिए परिचितों को लेटर भेज रहा है।
मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। यहां किराये से रहने वाली महिला बेकरी का काम करती है और शादी डाॅट काॅम के जरिए यूएसए में रहने वाले भारतीय मूल के संजीव कोकरा के संपर्क में आई थी। संजीव ने खुद को मूलतः दिल्ली का रहने वाला बताया था। इसके बाद दोनों वाॅट्सअप पर बात करने लगे। धीरे-धीरे बातों को माध्यम से महिला को पता चला एनआरआई पहले से शादीशुदा है और दो बच्चियों का पिता है। इसके बाद महिला ने उससे बातचीत बंद कर ली, इसी से नाराज आरोपी बदला लेने की नीयत से महिला के पड़ोसियों और उसके परिचितों को पत्र भेजने लगा जिसमें लिखा था कि महिला सेक्स रैकेट चलाती है। इससे तंग आकर महिला भंवरकुआं थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। एसआई मनीषा डांगी ने बताया अधेड़ उम्र का एनआरआई महिला को बदनाम करने की नीयत से पत्र भेज रहा है। आरोपी का मोबाइल नंबर आइडेंटिफाई नहीं हो सका है। जिस कोरियर से पत्र भेजे गए थे उससे एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। महिला ने शक्ति शर्मा नामक एक अन्य शख्स का नाम भी लिया है, उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
