ग्वालियर। 13.06.2022। आगामी पंचायत चुनाव व नगरीय निकाय को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब बनाने व बैचने वालों के विरूद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति स्विफ्ट कार में अवैध शराब भरकर बेरजा से ग्वालियर की ओर आ रहा है। मुखबिर की सूचना पर से पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक (शहर-पूर्व/अपराध) श्री राजेश डण्डोतिया को थाना बिजौली पुलिस बल की टीम बनाकर मुखबिर की सूचना की तस्दीक करते हुए अवैध शराब का परिवहन करने वाले तस्कर के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में एसडीओपी बेहट मुनीश राजौरिया के कुशल मार्गदर्शन में दिनांक 13.06.22 को थाना प्रभारी बिजौली उपनिरीक्षक साधना कुशवाह के नेतृत्व में थाना बिजौली पुलिस बल की टीम ने मुखबिर के बताये स्थान बेरजा रोड़ पर बैरीगेट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की चैकिंग प्रारंभ कर दी। चैकिंग के दौरान पुलिस टीम को बेरजा की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखी। पुलिस चैकिंग को देखकर कार चालक द्वारा अपनी कार को वापस लेकर बेरजा की ओर गाड़ी भगा दी। पुलिस टीम द्वारा उक्त कार का पीछा करने पर वाहन चालक उक्त कार को चितोरा रोड़ स्थित मोहरमनसिंह के पुरा गांव के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टीम द्वारा पकड़ी गई कार की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर से 14 पेटी देशी शराब तथा कार की डिग्गी से 10 पेटी देशी शराब कुल 24 पेटी अवैध देशी शराब कीमती 01 लाख 20 हजार रूपये की जप्त की गई। थाना बिजौली पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध आबकारी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
जप्त मशरूका: 24 पेटी देशी शराब कीमती 01 लाख 20 हजार रूपये।
सराहनीय भूमिका: उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बिजौली उपनिरीक्षक साधना कुशवाह, सउनि लालाराम इंदौरिया, मनोज शर्मा, प्रआर0 विरेन्द्र सिंह, आर0 बृजेश सिंह, विनोद, सतीश कुमार, विपिन कुमार, सीताराम की सराहनीय भूमिका रही है।
