तीन थानों के ‘चेन’ लूटेरे गिरफ्तार, सुनार से पूछताछ

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
महिला से सोने की चेन की लूट, दो लुटेरे गिरफ्तार

इंदौर, पुलिस ने राह चलती महिलाओं से चेन व मंगलसूत्र लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कारण राजेंद्र नगर, अन्नपूर्णा और द्वारकापुरी थाना की पुलिस बहुत परेशान थी। पुलिस ने लूटेरों से माल खरीदने वाले सुनार को भी हिरासत में ले लिया है।

आरोपितों का नाम कनिष्क पंथी, मयंक और पीयूष है। बदमाशों ने शनिवार दोपहर सारनाथ कॉलोनी निवासी ममता विजय माली से केशरबाग रोड़ पर सोने की चेन छीनी थी। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए और रविवार शाम कनिष्क को उस वक्त पकड़ लिया जब वह पटना भागने की तैयारी में था। पूछताछ में उसने पीयूष और मयंक का नाम कबूल लिया। सोमवार शाम पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात पूछताछ में आरोपितों ने बताया महिलाओं से लूटे आभूषण हर्ष नामक सुनार को बेचते थे।

टीआइ अमृता सोलंकी ने देर रात हर्ष को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने प्रारंभिक पूछताछ में द्वारकापुरी, अन्नपूर्णा और राजेंद्र नगर की वारदातें कबूल कर ली है। आरोपित भंवरकुआं क्षेत्र में वारदात करने गए थे लेकिन घटना स्थल स्पष्ट न होने से फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। आरोपित कनिष्क पूर्व में भी चेन लूटने के मामले में अन्नपूर्णा थाना में गिरफ्तार हो चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद वह दोबारा वारदातें करने लगा था। आरोपित नशे के लिए वारदात करना कबूल कर रहे है।

Exit mobile version