मामले में आष्टा पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।
भोपाल से इंदौर लौट रहे ड्रायफूट एवं रेडिमेड व्यवसायी की कार को पूर्व मंत्री एवं शाजापुर से कांग्रेस विधायक हुकुम सिंह कराड़ा के बेटे रोहिताप ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी रोहिताप जान से मारने की नियत से कार घसीटते हुए ले गया। मामले में आष्टा पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।
पलसीकर कालोनी निवासी दिनेश पुत्र गंगाराम आहुजा शनिवार साथी नमन दुबे और ऋषभ शुक्ला के साथ इंदौर लौट रहे थे। भाड़ाखेड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने दिनेश की कार को जोरदार टक्कर मारी। दिनेश ने कार चला रहे युवक को फटकारा तो उसने गुस्से में दोबारा कार ठोंकी और घसीटते हुए दूर तक ले गया। आरोप है कि कार शाजापुर के कांग्रेस विधायक हुकुम सिंह कराड़ा का बेटा रोहिताप सिंह चला रहा था। उसने 10 से ज्यादा साथियों को हमला करने के लिए बुला लिया था। दिनेश, नमन और ऋषभ ने खेतों में दौड़ लगाकर मुश्किल से जान बचाई। काफी देर बाद चौकी पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताया। यहां से तीनों आष्टा थाना पहुंचे और कार नंबर के आधार पर प्रकरण दर्ज करवा दिया।
हैंडब्रेक खींच कर बचाई जान
दिनेश के मुताबिक रोहिताप ने कार को घसीटा तो उसने हैंडब्रेक खींच कर नीचे उतरने से बचाया। कार सड़क से नीचे चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वह आधा किमी जाने के बाद भी लौटकर आया और जोर से ठोंक दिया। दोस्तों ने वीडियो बनाया तो रोहिताप ने चाकू निकालकर नमन पर हमला करना चाहा। मैं व ऋषभ खेत में भाग गए। कुछ देर बाद उसके साथी आ गए और हमें ढूंढने लगे। एक घंटा दहशत में बिताया और स्वजन को काल कर घटना बताई। काफी देर बाद भाड़ाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंचे और केस दर्ज करवाया। रोहिताप खेती संभालता है।
टक्कर लगने पर बात का बतंगड़ बनाया
रोहिताप तो अकेला था। टक्कर लगने पर विवाद हुआ था। रोहिताप के साथ मारपीट हुई थी। मारपीट होती तो व्यापारियों को भी चोट आती।
