शहर के नामी डॉक्टर के यहां लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी मोहित जैन पिता जयकुमार जैन, निवासी तिलकनगर को पुलिस ने 7 माह बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक लैब में मैनेजर रहने के दौरान धोखाधड़ी करते हुए लाखों रुपए की गड़बड़ी की थी। इस दौरान आरोपी ने अपने खातों में फर्म अमन डायग्नोस्टिक के खातों से 21 लाख रुपए से ज्यादा अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। लंबे समय से उसके द्वारा यह धोखाधड़ी की जा रही थी। मामले में डॉ. शिखा घनघोरिया द्वारा पुलिस को आवेदन दिया गया था, जिसमें जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मोहित पर 21 लाख रुपए से अधिक के गबन का केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को जिला कोर्ट में पेश किया जहां माननीय न्यायालय ने आरोपी मोहित का जमानत आवेदन ख़ारिज कर दिया।
