ATM लुटेरे को पकड़ने हरियाणा गई MP पुलिस को करीब 200 लोगों ने घेरकर अंधाधुंध गोलियां बरसाई। फिर भी पुलिस ने आरोपी को नहीं छोड़ा। दरअसल ग्वालियर-चंबल संभाग की पुलिस ATM काटकर 44 लाख चुराने वालों को पकड़ने के लिए पलवल (हरियाणा) गई थी। यहां गांव के करीब 200 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। चंबल पुलिस ने भी दिलेरी दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की। 200 लोगों के बीच से आरोपी और मास्टरमाइंड खुर्शीद को दबोच लिया। खुर्शीद ने ही साथियों के साथ मिलकर मुरैना, श्योपुर, असम, नोएडा, अलवर में ATM लूट की वारदात करना कबूल की।
ग्वालियर में महाराजपुरा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ATM पर CCTV पर स्प्रे करते हुए बदमाश का चेहरा रिकॉर्ड हुआ था। बदमाश टोपी और मास्क पहने था। पुलिस जांच करते हुए मुरैना पहुंची। वहां हुई घटना में स्पॉट से मिले फुटेज देखे। वहां टोपी वाले का चेहरा दिख रहा था। हुलिया दोनों वारदातों में एक ही था। पता चला कि फुटेज में दिखने वाले बदमाश हरियाणा के पलवल के हथीनी थाना क्षेत्र स्थित अंदरौला गांव का रहने वाला खुर्शीद है। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी है। इसके बाद पुलिस ने उसके ही गांव में घेरने की योजना बनाई।
हरियाणा में MP पुलिस ने डाला था डेरा
ग्वालियर की वारदात के बाद से ही चंबल पुलिस ने हरियाणा में डेरा डाल रखा था। 16 अफसरों और पुलिसकर्मियों की टीम का नेतृत्व डीएसपी क्राइम विजय भदौरिया कर रहे थे। मंगलवार शाम पुलिस अंदरौला गांव पहुंची। पुलिस ने लुटेरे खुर्शीद को पकड़ लिया। यह देखते ही गांव के 200 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। गांववालों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने दिलेरी दिखाते हुए काउंटर फायरिंग करते हुए बदमाश को लेकर वहां से निकाल लाई। इसके बाद हरियाणा पुलिस से उसे ग्वालियर ले जाने पर भी विवाद हुआ। ग्वालियर-चंबल के वरिष्ठ अफसरों के हस्तक्षेप के बाद हरियाणा पुलिस ने खुर्शीद की गिरफ्तारी मप्र पुलिस को सौंपी है।
मुरैना, श्योपुर, नोएडा, असम व पलवल में की वारदातें
पुलिस के मुताबिक ग्वालियर में एटीएम काट कर 44 लाख लूटने वाली वारदात में खुर्शीद सीधे तौर पर नहीं जुड़ा है, लेकिन उसने मामले में दो लोगों के नाम बताए हैं। फिर भी पुलिस इसकी जांच कर रही है। खुर्शीद ने मुरैना, श्योपुर, नोएडा, पलवल, असम में वारदात कबूल की है। नोएडा में एटीएम काटकर 22 लाख रुपए की चोरी के मामले में खुर्शीद पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। 2019 के एक मामले में भी राजस्थान की अलवर पुलिस को उसकी तलाश थी। एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी का कहना है कि अभी आरोपी को मुरैना पुलिस को सौंप दिया गया है। जल्द ही, रिमांड पर लेकर ग्वालियर की वारदातों में पूछताछ की जाएगी।
ग्वालियर में तीन दिन पहले ATM से चुराए थे 44 लाख
ग्वालियर में तीन दिन पहले तीन ATM काट कर करीब 44 लाख रुपए चुराने की वारदात हुई थी। मामले में पुलिस को पहले ही दिन से हरियाणा के पलवल के गिरोहों की तलाश थी। घटना स्थल से मिले फुटेज के आधार पर भी गैंग की तलाश थी। ग्वालियर से सात दिन पहले मुरैना और शिवपुरी में भी ऐसी वारदात हुई थीं।
