ग्वालियर। 16.08.2022। पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में फरारी ईनामी बदमाशों तथा वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को सूचना प्राप्त हुई कि वर्ष 2019 में थाना हजीरा क्षेत्रांतर्गत हुए सनसनीखेज पंकज सिकरवार हत्याकांड के आरोपी 10 हजार रूपये के फरार ईनामी बदमाश को जी0टी0 रोड़, इटावा(उ0प्र0) में देखा गया है। उक्त सूचना पर से एसपी ग्वालियर द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) श्री अभिनव चौकसे,भापुसे, अति0 पुलिस अधीक्षक शहर दक्षिण श्रीमती मृगाखी डेका,भापुसे एवं अति0 पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व/अपराध श्री राजेश डण्डोतिया को क्राईम ब्रांच, थाना हजीरा एवं थाना विश्वविद्यालय की संयुक्त टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक कर उक्त ईनामी बदमाश को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी विश्वविद्यालय श्री रत्नेश सिंह तोमर, सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध श्री विजय भदौरिया के मार्गदर्शन में क्राईम ब्रांच व थाना बल की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान जी0टी0 रोड़, इटावा(उ0प्र0) भेजा गया। पुलिस टीम को फोरलेन वायपास जी0टी0 रोड़, इटावा के पास मुखबिर के बताये हुलिया का एक संदिग्ध दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। भाग रहे बदमाश को पुलिस टीम द्वारा मौके से पकड़ लिया गया। पकड़े गये ईनामी बदमाश से पूछताछ करने पर उसने बताया कि पंकज सिकरवार हत्याकाण्ड में गिरफ्तारी के डर से वह अपने ठिकाने बदल-बदल कर फरारी काट रहा था। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा उक्त फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रूपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम द्वारा उक्त सनसनीखेज हत्याकाण्ड के सात आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक आरोपी अभी फरार चल रहा है। पुलिस टीम द्वारा उक्त बदमाश को ग्वालियर लाया जाकर थाना हजीरा पुलिस को सुपुर्द किया गया। थाना हजीरा पुलिस द्वारा उक्त ईनामी फरारी बदमाश को अप0क्रमांक 292/19 धारा 302,307,341,147,148,149,120बी भादवि के प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया जाकर उससे प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि दिनांक 10.07.2019 को वैष्णोपुरम् यादव धर्मकांटे के पास हथियार बंद बदमाशों द्वारा पंकज सिकरवार की गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गये थे। उक्त रिपोर्ट पर से थाना हजीरा पुलिस द्वारा पांच आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 292/19 धारा 302,307,341,147,148,149,120बी भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर हत्या के आरोपियों की तलाश की जा रही थी। दौराने विवेचना उक्त हत्याकाण्ड में और लोगों के संलिप्त होने की बात सामने आई। पुलिस टीम द्वारा उक्त हत्याकाण्ड के सात आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है तथा दो आरोपियों की गिरफ्तारी होना शेष थी।
सराहनीय भूमिकाः उक्त ईनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरी0 दामोदर गुप्ता, थाना प्रभारी विश्वविद्यालय निरी0 डॉ. संतोष यादव, थाना प्रभारी हजीरा निरी0 मनीष धाकड़, सउनि दिनेश सिंह तोमर, प्रआर0 राजेश सिंह, मनोज एस0, आर0 विकास सिंह, पवन झा, योगेन्द्र सिंह तोमर की सराहनीय भूमिका रही।
