इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में पांच साल के बच्चे के साथ सौतेली मां जुल्म कर रही थी। घर से बच्चा बाहर नहीं जाए, इसलिए मां उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर रखती थी। बच्चे के साथ मारपीट भी की जाती थी। चाइल्ड लाइन की टीम ने पुलिस के साथ जाकर बच्चे को मुक्त करवाया। बच्चे की हालत देख सभी चौंक गए। मां पर केस दर्ज करवाया गया है।
चाइल्ड लाइन से मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात की है। एक अज्ञात व्यक्ति ने 1098 नंबर पर सूचना दी पांच वर्षीय बच्चे के साथ उसकी सौतेली मां रोज मारपीट करती है। चाइल्ड लाइन के समन्वयक राहुल गोठाने ने बताया कि हमारी टीम की काउन्सलर मंजू चौधरी और अमित बाणगंगा थाना पहुंचे। यहां से पुलिस को साथ लेकर बच्चे के घर गए। उस समय भी बच्चा रस्सी से बंधा हुआ था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। टीम के सदस्यों ने उसकी रस्सी खोली तो उसने बताया कि मम्मी रोज मरती है। मैं बाहर खेलने जाता हूं तो मम्मी मारपीट करती है। खाने को भी नहीं देती है। पिता मजदूरी करते हैं। पहली पत्नी छोड़कर जा चुकी है। बच्चे के पिता ने भी कहा कि मेरी दूसरी पत्नी बच्चे से मारपीट करती है। इसके बाद टीम बच्चे को अपने साथ लेकर थाने आ गई। बच्चे का मेडिकल करवाया गया है। मां पर केस दर्ज किया गया है। बच्चे को अभी शेल्टर होम में रखा गया है।
मस्ती करता है इसलिए मार देती हूं – गोठाने ने बताया कि हमने सौतेली मां से बात की तो उसने कोई सहयोग नहीं किया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चा मस्ती करता है। बार-बार भाग जाता है। इसलिए उसे मार देती हूं। कई बार पति से झगड़ा होने पर मैं उसका गुस्सा उतार बच्चे पर उतार देती हूं। पुलिस ने उसे डपटा तो वह माफी मांगने लगी।
नाक से बह रहा था खून – टीम के सदस्यों ने बताया कि जब हम गए तो मां ने बच्चे के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे खिड़की के पास बांध रखा था। उसकी नाक से खून बह रहा था। शुरुआत में उससे बात की तो वह सहम गया। फिर धीरे-धीरे अपनी मां की करतूत बताई। उसके हाथ-पैर लगातार बांधे जाने से निशान बन गए थे।
