इंदौर में इंस्टाग्राम पर कमेंट करने के विवाद में नाबालिग ने आठवीं के छात्र को मारी ब्लेड

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपित को लिया हिरासत में।
शहर में मामूली विवाद में एक नाबालिग ने आठवीं में पढ़ने वाले पड़ोसी छात्र पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों के बीच इंटरनेट मीडिया पर कमेंट को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद नाबालिग ने छात्र को ब्लेड मार दी।

बाणगंगा थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी 42 वर्षीय गोकुलप्रसाद चौहान निवासी गोविंद नगर खारचा है। आरोपित 17 वर्षीय नाबालिग निवासी गोविंद नगर है। घटना रविवार शाम की है। फरियादी का कक्षा आठवीं में पढ़ने वाला बेटा मनन घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 17 साल का नाबालिग आया और मनन को पास बुलाया। दोनों इंस्टाग्राम पर दोस्त हैं। दो दिन से उनके बीच कहासुनी चल रही थी। मनन ने आरोपित के इंस्टाग्राम पर डाले गए वीडियो पर कमेंट किया था। इसी बात को लेकर आरोपित ने मनन को बुलाकर विवाद किया व गालियां देने लगा। मनन ने मना किया तो आरोपित ने उसकी गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।इसके बाद आरोपित वहां से भाग गया। मनन को तुरंत स्वजन अस्पताल ले गए। पुलिस के अनुसार आरोपित को रात में ही हिरासत में ले लिया गया था।

Exit mobile version