इंदौर जिले की पारेषण क्षमता में बढ़ोत्तरी
220 के व्ही सबस्टेशन देपालपुर में ऊर्जीकृत हुआ 63 एमव्हीए ट्रांसफार्मर
रबी सीजन में किसानों को बड़ी राहत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 220 के व्ही सबस्टेशन देपालपुर में नया 63 एमव्हीए ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत कर इंदौर जिले की पारेषण क्षमता में बढ़ोत्तरी की है। इंदौर में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अधिक्षण अभियंता श्री प्रदीप सिंह राघव ने बताया कि इस नये ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से 220 के व्ही सबस्टेशन देपालपुर की 132 के व्ही साइड ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 143 एमव्हीए की हो गई है। इस ट्रांसफार्मर की स्थापना से देपालपुर, आगर, बेटमा, बेगंधा, आताहेड़ा, बनेढ़िया, गोकलपुर, लिंबोधापार क्षेत्र के कृषि उपभोक्ताओं के साथ साथ घरेलू उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उचित वोल्टेज पर प्राप्त हो सकेगी।जिले की पारेषण क्षमता बढ़कर 4984 एम व्ही ए की हुई

श्री राघव ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से इंदौर जिले की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 4984 एमव्हीए की हो गई है। जिसमें 400 के व्ही साइड 1260 एम व्ही ए ,220 के व्ही साइड 1710 एम व्ही ए तथा 132 के व्ही साइड 2014 एम व्ही ए की स्थापित क्षमता शामिल है।

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी इंदौर जिले में अपने 22 सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिसमें 400 के व्ही का एक सबस्टेशन 220 के व्ही के 6 तथा 132 के व्ही क्षमता के 15 सबस्टेशन क्रियाशील है

Exit mobile version